
इंदौर। सोशल मीडिया के जरिये अंतरराष्ट्रीय कॉल कर ब्लैकमेलिंग करने वाले साइबर अपराधी को खजराना पुलिस ने गिरफ्तार कर एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है. आरोपी वाट्सएप कॉल के जरिए धमकी देकर पैसों की मांग कर रहा था. पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में आरोपी को तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पकड़ा.
खजराना थाना क्षेत्र की पाकीजा लाइफ स्टाइल कॉलोनी में रहने वाले 50 वर्षीय फरियादी अब्दुल रहीम खान ने पिछले दिनों थाने पहुंच कर पुलिस को बताया कि उन्हें अलग-अलग अंतरराष्ट्रीय नंबरों से व्हाट्सएप कॉल्स और मैसेज के जरिए धमकियां दी जा रही थीं. आरोपी पैसों की मांग कर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दे रहा था. फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु जांच में प्लस 63 सीरीज के करीब 15 व्हाट्सएप नंबरों के माध्यम से भेजे गए धमकी भरे मैसेज मिले. साइबर टीम ने तकनीकी विश्लेषण कर आईपी एड्रेस और सिम डिटेल्स निकालीं. आरोपी की पहचान मिकाइल शेख पिता इसरायल शेख, निवासी 37/बी बाबा की बाग कॉलोनी, खजराना के रूप में हुई. प्रारंभिक पते से मकान बेचकर भाग चुके आरोपी को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर पाकीजा ग्रीन पार्क कॉलोनी से गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध कबूल किया और बताया कि वह कम समय में अमीर बनने की चाह में यह हरकत कर रहा था. आरोपी पहले टेली परफॉर्मेंस और ट्रेडिंग से जुड़ा रहा है और उसे लग्जरी गाडिय़ों का शौक है. पुलिस अब आरोपी से जुड़े अन्य नेटवर्क की तलाश कर रही है.
