जबलपुर: नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने शहर की सफाई व्यवस्था को और सुदृढ़ करने और हरित क्षेत्रों को बढ़ाने के उद्देश्य से गौरीघाट रोड से मेडिकल रोड तक का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चौहानी मुक्तिधाम परिक्षेत्र का भी जायजा लिया और व्यवस्थित कराने निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने मुख्य मार्गों, नालियों की सफाई, डिवाइडरों के रखरखाव और पौधारोपण कार्यों की जमीनी स्थिति को देखा। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यों को व्यवस्थित रूप से कराएं।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि मुख्य सड़कों और नालियों की नियमित व सूक्ष्मता से सफाई सुनिश्चित की जाए। पौधों को लगाने और उन्हें सुरक्षित करने की दिशा को और अधिक गति प्रदान करने के निर्देश दिए।
श्री अहिरवार ने इस अवसर पर निर्देशित किया कि यातायात में बाधा डालने वाले और गंदगी फैलाने वाले अस्थायी अतिक्रमणों को तुरंत हटाया जाए।
गुणवत्ता और समयबद्धता
निरीक्षण के दौरान उद्यान विभाग के अधिकारियों को बताया कि सौंदर्यीकरण के सभी कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरे हों।
शहर को स्वच्छ और हरा-भरा बनाने पर जोर
निगमायुक्त श्री अहिरवार ने निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य, लोककर्म और उद्यान विभाग के अधिकारियों को आपस में बेहतर तालमेल बनाकर काम करने के निर्देश दिए। इस दौरान गोरखपुर एस डी एम अनुराग सिंह, अधीक्षण यंत्री कमलेश श्रीवास्तव, स्वास्थ्य अधिकारी अभिनव मिश्रा, उद्यान अधिकारी मनीष तड़से, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी अनिल बारी, सहायक यंत्री कविश मिश्रा, अर्पित नेमा, उपयंत्री सौरभ चौकसे, के साथ पटवारी नीरज भी उपस्थित रहे।
