स्टवान्गर (नोर्वे) 30 मई (वार्ता) विश्व चैंपियन भारत के डी गुकेश ने नॉर्वे शतरंज के ‘ओपन’ वर्ग में अमेरिका के ग्रैंड मास्टर फैबियानो कारूआना के खिलाफ रोमांचक आर्मागेडन टाई-ब्रेक में जीत दर्ज की। वहीं अर्जुन एरिगैसी को मैग्नस कार्लसन से हार का सामना करना पड़ा।
चौथे चक्र में गुकेश ने चार घंटे से अधिक समय तक चले रोमांचक मुकाबले में अपने कौशल का शानदार प्रदर्शन करते हुये अमेरिका के फैबियानो कारूआना को हराया। गुकेश के शानदार रक्षात्मक प्रदर्शन के आगे कारूआना अपनी बढ़त को नहीं भुना पाये। इसके बाद गुकेश ने ‘आर्मागेडन’ में मुकाबला आसानी से जीत लिया।
कार्लसन आठ अंकों के साथ शीर्ष पर है। गुकेश और एरिगैसी 4.5 अंकों के साथ संयुक्त चौथे स्थान पर हैं।
महिला वर्ग में भारत की आर. वैशाली ने ‘आर्मागेडन’ टाई-ब्रेक में यूक्रेन की अन्ना मुजीचुक को हराया। विश्व चैंपियन वेनजुन जू ने कोनेरू हम्पी को हराया। भारत की शीर्ष महिला खिलाड़ी हम्पी तालिका में मुजीचुक के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं।
