
ग्वालियर। कैट, ग्वालियर की वेंडर सेल के जिला संयोजक, ग्वालियर व्यापार मेला व्यापारी संघ के अध्यक्ष महेन्द्र भदकारिया एवं कैट के संभागीय कार्यालय मंत्री, मेला व्यापारी संघ के संयुक्त अध्यक्ष व प्रवक्ता अनिल पुनियानी के नेतृत्व में आज रात्रि मेला व्यापारियों ने कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स के राष्ट्रीय महासचिव सांसद प्रवीण खंडेलवाल तथा राष्ट्रीय संगठन मंत्री भूपेन्द्र जैन से मुलाकात कर ग्वालियर व्यापार मेला की दुर्दशा एवं उपेक्षा रोकने के लिए कैट के राष्ट्रीय नेतृत्व की मदद मांगी एवं अपनी दुकानों को लेकर अनिश्चितता एवं असमंजश से जूझ रहे मेला दुकानदारों को संकट से उबारने कारगर हस्तक्षेप की गुहार लगाई।
कैट के राष्ट्रीय महासचिव सांसद प्रवीण खंडेलवाल तथा राष्ट्रीय संगठन मंत्री भूपेन्द्र जैन से भेंटकर कैट, ग्वालियर टीम एवं मेला व्यापारी संघ के पदाधिकारी महेंद्र भदकारिया एवं अनिल पुनियानी ने ज्ञापन पत्र देते हुए ग्वालियर मेला की दुकानों के किराए में की गई जबरदस्त वृद्धि को तत्काल वापस लेने, पुराने दुकानदारों को प्राथमिकता के आधार पर पहले दुकान आवंटित करने एवं दुकानों की नीलामी या ओक्शन के प्रोसेस को रोकने का आग्रह किया। मेला व्यापारी संघ ने कैट नेतृत्व से मुलाकात में सर्वाधिक चिंता इस बात पर जताई कि शिकमी एवं फर्जी दुकानदारों का भय दिखाकर अपनों को उपकृत करने के लिए ऐन केन प्रकारेण ऐसे सुपात्र दुकानदारों से उनकी दुकानें छीनने की साज़िश रची जा रही है जो विगत कई पीढ़ियों से ग्वालियर मेला में दुकानें या शोरूम लगाते आ रहे हैं। कैट से जुड़े मेला व्यापारी संघ के स्थानीय पदाधिकारियों ने स्पष्ट रूप से कहा कि यदि कोई शिकमी अथवा फर्जी दुकानदार है तो निष्पक्ष जांच कर उन पर न्यायोचित कार्यवाही का डंडा चलाया जाए, मेला व्यापारी संघ एवं कैट के स्थानीय पदाधिकारी बीच में नहीं बोलेंगे।
कैट नेताओं ने मेला व्यापारियों की बात को ध्यानपूर्वक सुनने के बाद आश्वस्त किया कि वे निश्चिंत रहें, एक भी पात्र मेला व्यापारी के साथ उनका संगठन नाइंसाफी नहीं होने देगा। कैट के राष्ट्रीय नेतृत्व ने कैट की ग्वालियर टीम के स्थानीय वरिष्ठ पदाधिकारियों को अधिकृत करते हुए निर्देशित किया कि वे मेला व्यापारियों और प्राधिकरण, दोनों पक्षों से बात कर व्यापारियों द्वारा ज्ञापन में रखे गए प्रत्येक बिन्दु का ऐसा सर्वसम्मत समाधान निकालें कि मेला व्यापारियों को दुकान आवंटन से लेकर किराए, बिजली शुल्क, शिकमी संबंधी झूठी शिकायतों, आधारभूत सुविधाओं एवं सुरक्षा व्यवस्था तक किसी भी मामले में भविष्य में असुविधा अथवा समस्या का सामना न करना पड़े। सांसद खंडेलवाल ने कहा कि वे अपने स्तर पर इस दिशा में गंभीर प्रयास करेंगे कि बड़े महाराज के समय से प्रतिवर्ष मेला में 26 जनवरी के बाद नियमित व पुराने दुकानदारों की दुकानें आरक्षित कर दी जाती थी, इस परंपरा में कोई फेरबदल नहीं किया जाए।
मेला व्यापारी संघ के अध्यक्ष भदकारिया एवं संयुक्त अध्यक्ष व प्रवक्ता पुनियानी ने कृतज्ञता जताते हुए कहा कि ग्वालियर व्यापार मेला व्यापारी संघ को सदैव से कैट की ग्वालियर टीम का मार्गदर्शन एवं आत्मीय सहयोग प्राप्त होता रहा है।
