कोलंबो | टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सबसे बड़े मुकाबले ‘भारत बनाम पाकिस्तान’ के लिए टीम इंडिया कोलंबो पहुँच चुकी है। एयरपोर्ट पर श्रीलंकाई कलाकारों ने पारंपरिक ढोल-नगाड़ों के साथ भारतीय टीम का भव्य स्वागत किया। इस दौरान तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह मस्ती के मूड में नजर आए और उन्होंने स्थानीय कलाकारों के साथ फिल्म ‘धुरंधर’ के ‘रहमान डकैत’ किरदार की तर्ज पर जबरदस्त डांस किया। अर्शदीप के इस मजाकिया अंदाज को देखकर साथ खड़े अक्षर पटेल अपनी हंसी नहीं रोक पाए। वहीं, ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या भी इस दौरान टीम के साथ दिखाई दिए, जिनका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
15 फरवरी को आर. प्रेमदासा स्टेडियम में होने वाला यह मैच सिर्फ दो अंकों के लिए नहीं, बल्कि क्रिकेट जगत की सबसे बड़ी प्रतिद्वंद्विता और प्रतिष्ठा की लड़ाई है। अंक तालिका में भारतीय टीम अपने शुरुआती दोनों मैच जीतकर शीर्ष पर काबिज है, वहीं पाकिस्तान भी दो जीत के साथ दूसरे स्थान पर है। कागजों पर सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम इंडिया बेहद मजबूत नजर आ रही है, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ मैच के मानसिक दबाव को देखते हुए दोनों टीमें फूंक-फूंक कर कदम रख रही हैं। यह हाई-वोल्टेज मुकाबला रविवार शाम 7 बजे से शुरू होगा।
भारतीय फैंस के बीच सबसे बड़ा सवाल युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की प्लेइंग इलेवन में वापसी को लेकर है। पेट के संक्रमण के चलते अस्पताल में भर्ती रहे अभिषेक अब टीम के साथ जुड़ चुके हैं, लेकिन उनकी पूर्ण फिटनेस को लेकर सस्पेंस बरकरार है। यदि वे फिट होते हैं, तो भारतीय बल्लेबाजी को जबरदस्त मजबूती मिलेगी। इस महामुकाबले का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार ऐप पर किया जाएगा। कोलंबो में क्रिकेट का बुखार चरम पर है और दोनों देशों के प्रशंसक इस जंग का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

