मुंबई, (वार्ता) सोनी सब के नए मेडिकल ड्रामा हुई गुम यादें – एक डॉक्टर, दो ज़िंदगियाँ में अभिनेत्री गुलकी जोशी की एंट्री हो गयी है।
सोनी सब अपने नए मेडिकल ड्रामा हुई गुम यादें – एक डॉक्टर, दो ज़िंदगियाँ पेश करने जा रहा है। यह शो विश्वभर में सराहे गए इटालियन सीरीज़ डीओसी का भारतीय रूपांतरण है, जिसे कई देशों में सफलतापूर्वक अपनाया गया है। “दूसरे मौक़े” की थीम पर आधारित यह कहानी एक प्रतिभाशाली डॉक्टर देव (इक़बाल ख़ान) की असाधारण यात्रा को दर्शाती है, जो एक हादसे में आठ साल की याददाश्त खोने के बाद अपनी दुनिया को फिर से जोड़ने की कोशिश करता है।
प्रसिद्ध अभिनेत्री गुलकी जोशी इस शो में अहम किरदार निभाने जा रही हैं। वह श्रीष्टी का रोल करेंगी, जो डॉक्टर देव मेहता की पूर्व पत्नी है।
गुलकी जोशी ने अपने किरदार को लेकर कहा “मैं सचमुच बहुत उत्साहित हूँ कि यादें का हिस्सा बनी हूँ। जब मैंने कहानी सुनी, तो तुरंत महसूस हुआ कि यह वही शो है जिससे मैं जुड़ना चाहती हूँ। यह कहानी ज़्यादा नाटकीय नहीं लगी, बल्कि बेहद वास्तविक लगी। भावनाएँ, रिश्ते,सब कुछ ईमानदार और जुड़ाव भरा लगा। मेरे लिए किसी शो को हाँ कहना सिर्फ़ किरदार के बारे में नहीं होता, बल्कि उस पूरे अनुभव के बारे में होता है।कहानी, लोग, और यह देखना कि स्क्रिप्ट आपको एक कलाकार और इंसान के तौर पर छूती है या नहीं। इस प्रोजेक्ट ने मुझे वही सुकून और उत्साह दिया है। सेट पर ऊर्जा पहले से ही सकारात्मक और केंद्रित है, और यह बहुत मायने रखता है। जब हर कोई उस कहानी पर विश्वास करता है जिसे वे बता रहे हैं, तो पूरा सफ़र और भी ख़ास हो जाता है।”
