मुंबई, अंतरराष्ट्रीय मंच मिस वर्ल्ड 2026 में देश का मान बढ़ा रहीं निकिता पोरवाल ने ‘डांसेज ऑफ द वर्ल्ड’ सेगमेंट के लिए बेहद खास अंदाज में अपनी प्रस्तुति दी। इस दौरान उन्होंने प्रसिद्ध डिजाइनर तोरानी द्वारा तैयार किया गया एक भव्य और पारंपरिक परिधान पहना, जिसे रंगों की देवी ‘मीनाक्षी’ से प्रेरित बताया गया है। गहरे रंगों, बारीक कढ़ाई और आधुनिक धोती-स्टाइल ड्रेप वाले इस आउटफिट ने भारतीय पौराणिक कथाओं और कला का अद्भुत संगम पेश किया।
पारंपरिक आभूषणों और सोने की ज्वेलरी से सजा शाही अंदाज
इस पारंपरिक पहनावे को और अधिक भव्य बनाने के लिए ‘अमामा ज्वेल्स’ द्वारा विशेष रूप से तैयार किए गए स्वर्ण आभूषणों का इस्तेमाल किया गया। उनके इस शानदार लुक में गोल्ड बस्टियर, पारंपरिक झुमके, माथा पासा और बॉडी ज्वेलरी शामिल थीं, जिन्होंने इस पूरे पहनावे को एक शाही और रॉयल टच प्रदान किया। इस अनूठे मेल ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय शिल्प कौशल और समृद्ध विरासत को खूबसूरती से प्रदर्शित किया।
भारतीय संस्कृति और पौराणिक विरासत का वैश्विक मंच पर प्रदर्शन
निकिता पोरवाल ने सोशल मीडिया पर अपने इस अनुभव को साझा करते हुए बताया कि उनके लिए यह लुक केवल एक फैशन स्टेटमेंट नहीं, बल्कि अपनी संस्कृति को दुनिया के सामने रखने का जरिया था। उन्होंने कहा कि वह इस वैश्विक मंच पर अपने देश की परंपराओं और कला का एक अनमोल हिस्सा अपने साथ लेकर चल रही हैं, जिससे दुनिया भर के दर्शकों के बीच भारतीय संस्कृति की एक गहरी और जीवंत छाप छोड़ी जा सके।

