ग्वालियर:डबरा में नवग्रह शक्तिपीठ की प्राण प्रतिष्ठा समारोह की कलश यात्रा में भगदड़ मचने से एक महिला की मौत हो गई है। बड़ी संख्या में घायल महिलाएं ग्वालियर अस्पताल रेफर की गई हैं। वहीं इस हादसे में कुछ और मौत की अफवाह भी है लेकिन इसकी कोई पुष्टि नहीं हुई है।उल्लेखनीय है कि ग्वालियर के डबरा में आज मंगलवार से नवग्रह शक्तिपीठ मंदिर का प्राण प्रतिष्ठा समारोह शुरू हुआ है, जो 20 फरवरी तक चलेगा। इस मंदिर में नौ ग्रह अपनी-अपनी पत्नियों और वाहनों के साथ विराजमान होंगे। आयोजन की शुरुआत आज मंगलवार को विशाल कलश यात्रा से होनी थी।
आयोजकों का दावा था कि स्टेडियम ग्राउंड से शुरू होने वाली इस यात्रा में 20 हजार से अधिक महिलाएं शामिल होंगी, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए नवग्रह शक्तिपीठ तक पहुंचेंगी। महोत्सव देश के प्रख्यात संतों, कथावाचकों और आध्यात्मिक हस्तियों का संगम बनेगा। दाती महाराज, पंडोखर धाम के गुरुशरण शर्मा, धूमेश्वर धाम, दंदरौआ धाम और रावतपुरा सरकार सहित कई प्रमुख मठों के शंकराचार्य और संत भी शामिल होंगे।
