ग्वालियर: डबरा स्थित नवग्रह मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह की कलश यात्रा में आज हुई जानलेवा भगदड़ के बाद को पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और मज़बूत कर दी है। आयोजन में लाखों श्रद्धालुओं और वीआईपी के आगमन को देखते हुए मंदिर परिसर में 2 लेयर की सुरक्षा व्यवस्था की गयी है। मंदिर के अन्दर 1500 पुलिसकर्मी और बाहर लगभग 500 पुलिसकर्मी तैनात किये गए हैं जो हर आने-जाने वाले पर नजर रख रहे हैं। इसके साथ ही जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाये गये है।
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पार्किंग के भी इंतजाम किये गये है ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। आज मंगलवार को कलश यात्रा के साथ ही 11 दिवसीय आयोजन का भव्य शुभारंभ हो गया है। आईजी ग्वालियर ने नवग्रह मंदिर पहुंच कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। मंदिर परिसर की सुरक्षा राउंड द क्लॉक की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था के लिये ग्वालियर के साथ-साथ आसपास के जिलों से भी पुलिसबल बुलाया गया है। इसके अलावा 12 राजपत्रित अधिकारी भी तैनात किये गये है। पार्किंगस्थलों के आसपास भी पुलिसकर्मी मौजूद हैं। इसके साथ ही होटल, लॉज और धर्मशालाओं पर भी पुलिस की नजर है। निरीक्षण के दौरान एएसपी जयराज कुबेर भी उपस्थित थे।
500 मीटर दूर बनाया गया हेलीपैड
प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में कई वीवीआईपी के आगमन को देखते हुए मंदिर से करीब 500 मीटर दूर हेलीपैड बनाया गया है। यहां भी दिन-रात पुलिस बल तैनात है।आईजी अरविंद कुमार ने बताया कि नवग्रह मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा में आने वाले वीआईपी और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर कड़े इंतजाम किए गए हैं। करीब 2000 से अधिक पुलिसकर्मी और अधिकारी तैनात किए गए हैं। पूरा परिसर कैमरों की निगरानी में है।
