रायन टेन डेशकाटे ने भारत के सहायक कोच का पद छोड़ा

नयी दिल्ली, (वार्ता) रायन टेन डेशकाटे ने यूके दौरे पर टीम के ख़राब प्रदर्शन के बाद भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के सहायक कोच का पद का छोड़ दिया है। क्रिकइंफो को पता चला है कि टेन डेशकाटे ने इस पद को छोड़ने के संबंध में बीसीसीआई को यूके में ही सूचित कर दिया था, जहां भारत को टी 20 और वनडे दोनों ही सीरीज़ में हार का सामना करना पड़ा था। ऐसा समझा जा रहा है कि वह दोबारा आईपीएल फ्रेंचाइज़ी कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के साथ कोचिंग भूमिका में जुड़ सकते हैं।

2024 टी 20 विश्व कप जीत के बाद राहुल द्रविड़ की जगह मुख्य कोच बने गौतम गंभीर ने 46 वर्षीय टेन डेशकाटे को इस भूमिका में चुना था। भारतीय टीम के कोचिंग स्टाफ़ का हिस्सा रहते हुए टेन डेशकाटे ने बल्लेबाज़ी और कोचिंग दोनों विभागों में ज़िम्मेदारी निभाई।

केकेआर में टेन डेशकाटे दोबारा अभिषेक नायर के साथ जुड़ेंगे। इस जोड़ी ने थोड़े समय के लिए साथ में भारतीय टीम के लिए भी सहायक कोचों की भूमिका निभाई थी, इससे पहले दोनों केकेआर में गंभीर के अंडर भी काम कर चुके थे।

एक खिलाड़ी के तौर पर टेन डेशकाटे ने 2012 और 2014 में केकेआर के साथ दो आईपीएल ख़िताब जीते और 2022 में बतौर फ़ील्डिंग कोच वह दोबारा केकेआर के साथ जुड़े थे। वह 2024 तक केकेआर के कोचिंग सेट-अप का हिस्सा थे, जिस दौरान गंभीर मेंटॉर थे और चंद्रकांत पंडित के टीम के मुख्य कोच रहते हुए टीम ने एक आईपीएल ख़िताब भी जीता। इसके बाद जब गंभीर राष्ट्रीय टीम के साथ जुड़े तब टेन डेशकाटे भी उनके साथ भारतीय कोचिंग दल का हिस्सा बन गए।

टेन डेशकाटे के सहायक कोच रहने के दौरान भारत ने 2025 में एशिया कप जीतने के साथ ही 2026 का टी20 विश्व कप भी जीता, हालांकि ट्रांज़िशन फ़ेज़ से गुज़र रही भारतीय टीम ने टेस्ट में बुरी तरह संघर्ष किया, ऑस्ट्रेलिया में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफ़ी हारने के साथ ही भारत को घर पर न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ 0-3 और दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ 0-2 से हार झेलनी पड़ी।

 

Next Post

एथेनॉल; सभी शंकाओं का समाधान करे सरकार

Wed Jul 29 , 2026
पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण भारत की ऊर्जा नीति का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है. सरकार ने वर्ष 2025-26 तक पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रण (ई-20) का लक्ष्य हासिल करने का दावा किया है. संसद में भी सरकार ने स्पष्ट किया है कि व्यापक वैज्ञानिक परीक्षणों के बाद ही […]

You May Like