छतरपुर:जिला मुख्यालय की शांति नगर कॉलोनी में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। 30 वर्षीय महिला ने पति द्वारा फोन न उठाए जाने से नाराज होकर एक साथ करीब 25 विटामिन गोलियां खा लीं। गंभीर हालत में उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार शांति नगर निवासी रेखा चौहान पूजन सामग्री और अन्य सामान मंगाने के लिए अपने पति अश्वनी चौहान को लगातार फोन कर रही थीं। काम में व्यस्तता और मोबाइल साइलेंट मोड पर होने के कारण पति कॉल रिसीव नहीं कर पाए। इससे नाराज होकर रेखा ने घर में रखा विटामिन की गोलियों का पूरा पत्ता खा लिया। बताया जा रहा है कि घर में कोई अन्य जहरीला पदार्थ न मिलने पर उन्होंने गुस्से में यह कदम उठाया।
पति के घर पहुंचने पर महिला की तबीयत बिगड़ी देख परिजन उन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले गए। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद फीमेल मेडिसिन वार्ड में भर्ती कर ऑब्जर्वेशन में रखा है। डॉक्टरों के अनुसार अत्यधिक मात्रा में विटामिन लेना भी स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है।
