ब्यावरा: नेशनल हाईवे, स्टेट हाइवे सहित नगर के मध्य मुख्य मार्गो से इन दिनों भूसे से ओव्हर लोड वाहनों को आते-जाते हुए देखा जा सकता है. क्षमता से दोगुना अधिक भूसा भरकर ले जाते इन भारी वाहनों से यातायात बाधित होकर खतरा बना रहता है. कई वाहनों में तो इतना अधिक भूसा भरा होता है कि पीछे की और से वाहन तक नजर नहीं आता है.उल्लेखनीय है कि कई ट्रक, पिकअप वाहन, ट्रेक्टर ट्रॉली व अन्य वाहनों में क्षमता से दोगुना भूसा भरकर ले जाया जाता है. कई वाहनों में इतना अधिक भूसा ले जाया जाता है कि जब ये वाहन सड़क से गुजरते है तो आसपास की काफी जगह घेर लेते है, इससे आने-जाने वाले अन्य वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है, दुर्घटना का डर लगा रहता है.
ऐसा लगता जैसे भूसे का ढेर जा रहा है
कुछ वाहनों में इतना अधिक भूसा भर लिया जाता है कि वाहन पूरी तरह ढंक जाता है. पीछे की और से वाहन तक नजर नहीं आता है कि कौन सा वाहन है. ऊपर की और भी इतना माल भर लिया जाता है कि ऊपर से गुजरने वाली विद्युत लाइन से टकराने का खतरा बना रहता है.अभी नरसिंहगढ़ रोड पर ऐसे ही भूसे से ओव्हर लोड वाहन आ-जा रहे हैं. सुठालिया रोड पर से भी आये दिन भूसे से भरे ओव्हर लोड वाहनों को आते-जाते हुए देखा जा सकता है. अनेक बार नगर के बीच से होकर ऐसे वाहनों की आवाजाही से यातायात बुरी तरह बाधित होता है.
