नकारात्मक प्रवृत्ति वालों की कांग्रेस जैसी होगी हालत : सिंधिया

 

*महाकुंभ स्नान को लेकर ममता बनर्जी के बयान पर भड़के केंद्रीय मंत्री*

 

*ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट यानि निवेश का नया सूर्योदय होने जा रहा*

नवभारत न्यूज

ग्वालियर। एक ओर ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट को लेकर जोर-शोर से तैयारियां चल रही हैं। वहीं, ग्वालियर अंचल के 2 दिवसीय प्रवास पर पहुंचे केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि मध्य प्रदेश में बहुत बड़ा ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं इसका उद्घाटन करने वाले हैं और एक नया सूर्योदय निवेश का प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में संपूर्ण मध्य प्रदेश होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश निरंतर विकास की प्रगति पर आगे बढ़ रहा है। इसके साथ ही केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।

ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट को लेकर लगातार कांग्रेस द्वारा की जा रही बयानबाजी​ पर केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने मुंहतोड़ जवाब देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी को अपने खुद के गिरेबान में झांकना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश की समृद्धि, देश के विकास की राह में कितने रोड़े अटकाए गए थे। ग्वालियर, रीवा, जबलपुर, खजुराहो में इन्वेस्टर्स मीट हुए हैं। भोपाल में अब ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट होने जा रही है। इसका स्वागत करने के बजाय ऐसी नकारात्मक प्रवृत्ति अगर कांग्रेस या किसी कोई भी राजनीतिक दल रखेगा तो उनकी स्थिति भी कांग्रेस की तरह रहेगी।

*देश की संस्कृति को कलंकित करने से ज्यादा बुरी बात नहीं हो सकती…*

महाकुंभ स्नान को लेकर ममता बनर्जी और कांग्रेस की बयानबाजी पर केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि देश की संस्कृति और विचारधारा को इस तरीके से कलंकित करने से ज्यादा बुरी बात नहीं हो सकती। 50 करोड़ से अधिक लोगों ने त्रिवेणी संगम में स्नान किया है। गंगा हों, जमुना हो, सरस्वती हों तीनों का संगम है और वह भी 144 साल बाद यह विशेष मौका आया है। मैं अपने आप को सौभाग्यशाली मानता हूं, मैंने स्वयं संगम में जाकर स्नान किया है। उस वातावरण को इस तरीके से दूषित करना, जहां देशभर के नहीं बल्कि विश्व भर के लोग हमारे देश में आ रहे हैं और हम देशवासी ही ऐसे शब्दों का प्रयोग करें? मैं मानता हूं कि इसकी जितनी भी निंदा करें वह काम है।

*महाकुंभ में व्यवस्था बनाए रखना बड़ी बात, योगी को सराहा*

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हमारे देश की बहुत पुरानी धार्मिक प्रवृत्ति रही है। उत्तर प्रदेश की सरकार ने जिस तरीके से महाकुंभ का आयोजन किया उसके लिए उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बधाई के पात्र हैं। सिंधिया ने कहा कि महाकुंभ में हर एक दिन 50 लाख लोग संगम में स्नान के लिए उपस्थित हो रहे हैं। ऐसे में वहां सुरक्षित वातावरण को भी बनाए रखना आसान नहीं है जिसे योगी सरकार ने किया है। बाहर खड़े होकर टीका टिप्पणी करना, वो भी जब आप स्वयं भी न गए हों, बहुत आसान है, जरा स्वयं जाकर तो अनुभव करें। एहसास करो आप बंगाल में बैठकर, दूसरे राज्यों में बैठकर टीका टिप्पणी कर रहे हो। राजनीतिक रोटी सेक रहे हो। हमारे हिंदू धर्म, सनातन धर्म के ऊपर इससे बड़ी कोई निंदा नहीं हो सकती है।

*दिल्ली की नवनियुक्त सीएम को लेकर बड़ा बयान*

केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने दिल्ली की नवनियुक्त मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को बधाई देते हुए कहा कि रेखा गुप्ता एक जनसेवक रही हैं और यही एक विशेषता है, भाजपा में एक-एक व्यक्ति को मौका दिया जाता है। अपने समर्पण भाव के आधार पर सम्मान और मान दिया जाता है। इसलिए प्रधानमंत्री की जो सोच और विचारधारा है, एक भारत श्रेष्ठ भारत, जिसमें हर व्यक्ति और हर महिला के सशक्तिकरण का जमाना है। यहां हर महिला को भी मौका दिया जाता है।

Next Post

पार्षद पति बोले,गरीबों के आशियाने तोड़े तो छोड़ दूँगा बीजेपी?

Fri Feb 21 , 2025
  नवभारत न्यूज खंडवा। शक्कर तालाब के पीछे वाली पट्टी के 350 टपरों को तोडऩे का मसला नया रुख अख्तियार कर रहा है। निगम ने इन्हें खाली करने के नोटिस दिए हैं। कलेक्टर भी बैठक में सख्ती के संकेत दे चुके हैं। यहां रहने वाले गरीबों के लिए क्षेत्र के […]

You May Like