मोइसेस हेनरिक्स ने ऑस्ट्रेलियाई घरेलू क्रिकेट से लिया संन्यास

सिडनी, 16 जुलाई (वार्ता) बिग बैश लीग (बीबीएल) और ऑस्ट्रेलिया के घरेलू क्रिकेट में सबसे अधिक मैच खेलने वाले मोइसेस हेनरिक्स ने घरेलू क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। हालांकि, वर्ल्ड कप क्वालिफायर में खेलने के लिए योग्य होने के बाद, वह अपने जन्मस्थान पुर्तगाल के लिए एसोसिएट क्रिकेट खेलना जारी रखेंगे।

39 साल के हेनरिक्स ने मार्च 2025 में प्रथम श्रेणी क्रिकेट से संन्यास ले लिया था, लेकिन पिछले समर में न्यू साउथ वेल्स के लिए ए लिस्ट क्रिकेट खेला और जनवरी में सिक्सर्स को बीबीएल फाइनल तक पहुंचाया। उन्हें सिक्सर्स के साथ नया अनुबंध नहीं मिला और बीबीएल की दूसरी टीमों की दिलचस्पी के बावजूद उन्होंने ‘वन-क्लब प्लेयर’ (एक ही क्लब के लिए खेलने वाले खिलाड़ी) के तौर पर अपना करियर खत्म करने का फैसला किया।

उन्होंने बीबीएल के सभी 15 सीजन में 154 मैच खेले है, जिसमें उनके पहले और आखिरी सीज़न का फ़ाइनल भी शामिल है। ऑस्ट्रेलिया में सभी फ़ॉर्मेट में हेनरिक्स के 420 घरेलू मैचों से ज़्यादा किसी ने नहीं खेले हैं; इसमें एनएसडब्ल्यू के लिए 110 प्रथम श्रेणी मैच और 112 ए लिस्ट मैच शामिल हैं। उन्होंने एनएसडब्लयू के लिए 38 टी-20 मैच और 2012-13 में चैंपियंस लीग जीतने वाली सिक्सर्स टीम के लिए छह मैच भी खेले। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए आखिरी बार 2021 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेला था। उनके नाम चार टेस्ट, 16 वनडे और 24 टी-20 मैच दर्ज हैं।

संन्यास की घोषणा करते हुए हेनरिक्स ने कहा, “मैं बहुत किस्मत वाला रहा हूं कि पिछले 22 सालों से एक प्रोफेशनल एथलीट के तौर पर क्रिकेट मेरा काम रहा है। मुझे दूसरी बीबीएल टीमों से भी ऑफर मिले थे, लेकिन कहीं और जाना मुझे सही नहीं लगा।जिन लोगों के साथ मुझे खेलने और काम करने का मौका मिला, मैं उनका शुक्रिया अदा करना चाहता हूं। अगर वे रिश्ते और उनके लिए मेरा गहरा लगाव न होता, तो मुझे यकीन है कि मैं इस दिन तक बहुत पहले ही पहुंच गया होता। मुझे लगता है कि अब मेरे करियर को खत्म करने और अपनी ज़िंदगी के अगले पड़ाव की ओर देखने का समय आ गया है।”

 

 

Next Post

जीवन में कुछ बड़ा करने का प्रबल जुनून तो मादक पदार्थ की आवश्यकता नहीं: आईजी

Thu Jul 16 , 2026
जबलपुर: यदि जीवन में कुछ बड़ा करने का प्रबल जुनून हो, तो किसी भी प्रकार के मादक पदार्थ की आवश्यकता नहीं पड़ती। खेल, प्रकृति से जुड़ाव और रचनात्मक कार्यों के लिए आदत बनाएं, नशा की नहीं, क्योंकि नशा नाश का कारण होता है। यह बातें आईजी प्रमोद वर्मा ने नशे […]

You May Like