नयी दिल्ली 19 जून (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत दक्षता और काबिलियत के साथ दुनिया के बड़े देशों का भरोसा लगातार जीत रहा है और पहली बार जी-7 जैसे वैश्विक मंच पर जहाँ भारत पूर्ण सदस्य नहीं है, फिर भी एक नेता के तौर पर उभरा है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने शुक्रवार को यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि अभी हाल ही में श्री मोदी जी-7 शिखर सम्मेलन में भाग लेने और स्लोवाकिया की यात्रा पर गये थे। उन्होंने कहा कि स्लोवाक गणराज्य पूर्वी यूरोप के लिए एक अत्यंत महत्वपूर्ण गणराज्य है, जहां किसी भी भारतीय प्रधानमंत्री की ये पहली यात्रा थी। उन्होंने कहा कि भारत और स्लोवाकिया के बीच रिश्तों की गहराई इस बात से साफ़ होती है कि उन्होंने प्रधानमंत्री को अपना सर्वोच्च नागरिक सम्मान दिया। उन्होंने कहा कि इस तरह अब तक 33 वैश्विक सम्मान पाने वाले श्री मोदी न केवल भारत के नेता के तौर पर, बल्कि शायद दुनिया के एक खास और स्थापित नेता के तौर पर उभरे हैं।
भाजपा नेता ने कहा है कि फ्रांस की मेजबानी में आयोजित भारत ने जिस तरह अपनी अहम जगह बनाई है, उसे सभी जानते हैं। नीस और पेरिस में हुए शिखर सम्मेलन में एक ‘खास वैश्विक रणनीतिक साझेदारी’ हुई है। उन्होंने बताया कि इसमें प्रधानमंत्री ने कई देशों के साथ द्विपक्षीय बातचीत की।
भाजपा प्रवक्ता ने बताया कि भारत ने जी-7 देशों के बीच ‘सम्पर्क और व्यापार को बढ़ावा देने के लिए अंतरराष्ट्रीय लामबंदी साझेदारी’ यानी इम्पैक्ट का प्रस्ताव रखा है। उन्होंने कहा कि सभी देशों ने इसमें दिलचस्पी दिखाई है, जिसका मतलब है कि पहली बार ऐसे मंच पर जहाँ भारत पूर्ण सदस्य नहीं है, फिर भी भारत एक नेता के तौर पर उभरा है। उन्होंने कहा कि यह इस बात का सबूत है कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत कुशलता और दक्षता के साथ दुनिया की बड़ी ताकतों का भरोसा लगातार जीत रहा है।
श्री त्रिवेदी ने कहा कि भारत को जी-7 शिखर सम्मेलन में विशेष अतिथि के तौर पर बुलाया जाता है। सम्मेलन में श्री मोदी ने ‘इम्पैक्ट’ का प्रस्ताव रखा, जिस पर सभी देशों ने दिलचस्पी दिखाई। उन्होंने कहा कि श्री मोदी ने कहा कि सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के आंकड़ों को सिर्फ़ सामान्य आँकड़ों के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए। यह देखना भी उतना ही ज़रूरी है कि इस विकास का स्वरूप क्या है और इससे किसे फ़ायदा हो रहा है।
उन्होंने बताया कि फ्रांस ने अब यह फ़ैसला किया है कि वह हर साल अपने संस्थानों में विज्ञान, तकनीक, इंजीनियरिंग एवं गणित (स्टेम) क्षेत्रों में 30,000 भारतीय छात्रों को जगह देगा। अब तक, भारतीय छात्रों का ध्यान आम तौर पर ब्रिटेन, अमेरिका और कनाडा की ओर रहा है। अब, यूरोप में भी उनके लिए एक नई जगह जुड़ गई है। उन्होंने कहा कि फ्रांस ने भारत के ‘डेटा सशक्तिकरण और सुरक्षा स्थापत्य’ (डीईपीए) के साथ मिलकर एक मज़बूत डिजिटल पारिस्थितिकी तंत्र बनाने का फ़ैसला किया है, जो भारत में सुरक्षित डेटा साझाकरण और सुरक्षा में अहम भूमिका निभाएगा। श्री त्रिवेदी ने कहा कि इस दौरे के दौरान श्री मोदी ने कई ऐसे फ़ैसले लिए जिनसे भारत की नई वैश्विक पहचान झलकती है। उन्होंने बताया कि भाजपा के कार्यकाल के दौरान ही भारत को जी-7 में एक विशेष आमंत्रित सदस्य के तौर पर शामिल किया गया था। ऐसा पहली बार 2003 में श्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल के दौरान हुआ था। उन्होंने कहा कि इस यात्रा के सकारात्मक और दीर्घकालिक नतीजे आने वाले वर्षों में दिखाई देंगे, जिनकी नींव पीएम मोदी की इस यात्रा के दौरान रखी गई है।

