जोहानसबर्ग, 23 नवंबर (वार्ता) दक्षिण अफ्रीका के पूर्व बल्लेबाज एबी डी विलियर्स ने दावा किया है कि ऑस्ट्रेलिया ने 2018 में दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ सीरीज़ के पहले टेस्ट में डरबन में भी गेंद से छेड़छाड़ की थी। उस्मान ख़्वाज़ा की आत्मकथा ‘सब्र’ के ज़रिए यह विवाद फिर चर्चा में आया था। इसके बाद ख़्वाज़ा, चैड सेयर्स और कैमरन बैनक्रॉफ़्ट ने बताया कि केपटाउन टेस्ट में पकड़े जाने से पहले ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी पोर्ट एलिज़ाबेथ (अब कबेख़ा) टेस्ट में गेंद पर सैंडपेपर का इस्तेमाल कर रहे थे।
अब डी विलियर्स ने भी इस मामले पर अपनी बात रखी है। उन्होंने 2018 में दूसरे टेस्ट में रिवर्स स्विंग होती गेंद के ख़िलाफ़ शानदार शतक लगाया था और न्यूलैंड्स में उस वक़्त बल्लेबाज़ी कर रहे थे, जब बैनक्रॉफ़्ट सैंडपेपर का टुकड़ा छिपाते हुए पकड़े गए थे। डी विलियर्स का कहना है कि उनके हिसाब से ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज़ की शुरुआत से ही किसी न किसी तरह गेंद से छेड़छाड़ की थी।
डी विलियर्स ने अपने पॉडकास्ट पर कहा, “वैसे इसकी शुरुआत डरबन से हुई थी, पोर्ट एलिज़ाबेथ से नहीं। आप मेरे इस बयान को ज़रूर छाप सकते हैं। हमने डरबन में पहला टेस्ट मैच गंवाया था और उस दौरान गेंद बहुत ही अजीब समय पर रिवर्स स्विंग होने लगी थी। किंग्समीड में गेंद इतनी जल्दी रिवर्स स्विंग नहीं हो सकती थी।” “मुझ पर भरोसा कीजिए, मैंने वहां बहुत क्रिकेट खेला है। इसलिए उन्होंने वहां जो भी किया हो, चाहे सैंडपेपर इस्तेमाल किया हो या नाख़ून, मुझे इससे फ़र्क़ नहीं पड़ता। सच यह है कि वे पकड़े गए और हर किसी को इस बारे में पता था।”
“ख़ासकर गेंदबाज़ों को यह पता था, क्योंकि गेंद अपने आप रिवर्स स्विंग नहीं होने लगती। यह ऑस्ट्रेलिया के लिए आपका पहला टेस्ट मैच नहीं है। इसलिए सामने आकर कहिए कि हां, हम ग़लत थे।” पिछले हफ़्ते बैनक्रॉफ़्ट ने अपने 4000 शब्दों के लेख में साफ़ कहा था कि किंग्समीड में सैंडपेपर का इस्तेमाल नहीं हुआ था। उस टेस्ट में मिचेल स्टार्क ने रिवर्स स्विंग होती गेंद से शानदार गेंदबाज़ी की थी। बैनक्रॉफ़्ट ने लिखा, “डरबन में पहले टेस्ट की बात करें तो वहां सैंडपेपर का इस्तेमाल नहीं हुआ था। गेंद को संभालने के लिए पारंपरिक तरीक़े अपनाए गए थे, जिनमें लार का इस्तेमाल भी शामिल था। मैं यक़ीन से नहीं कह सकता कि मिंट या टॉफ़ी का इस्तेमाल हुआ था या नहीं। शायद गेंद की सीम को नाख़ून से खुरचने का काम हुआ हो। मेरे पहले टेस्ट के बाद यह तरीक़ा इतना आम हो गया था।”

