
भोपाल। मध्य प्रदेश में समान नागरिक संहिता (Uniform Civil Code – UCC) को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घोषणा की है कि प्रदेश में इसी महीने UCC लागू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस कानून का ड्राफ्ट लगभग तैयार है और इसे अंतिम रूप देने की प्रक्रिया चल रही है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, UCC को लेकर प्रदेशभर के लोगों से सुझाव मांगे गए थे, जिन पर जनता की ओर से 10 लाख से अधिक सुझाव प्राप्त हुए हैं। इन सुझावों के आधार पर समिति ने ड्राफ्ट तैयार किया है, जिसे जल्द अंतिम मंजूरी दी जाएगी।
सरकार का कहना है कि UCC लागू होने के बाद शादी, तलाक, उत्तराधिकार, भरण-पोषण और लिव-इन रिलेशनशिप जैसे पारिवारिक मामलों के लिए सभी नागरिकों पर एक समान कानूनी व्यवस्था लागू होगी। हालांकि, धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह करने की परंपरा पहले की तरह जारी रहेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य सभी नागरिकों के लिए समान अधिकार और पारदर्शी कानूनी व्यवस्था सुनिश्चित करना है। अब प्रदेश में UCC लागू होने को लेकर अंतिम औपचारिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
