जीवन में कुछ बड़ा करने का प्रबल जुनून तो मादक पदार्थ की आवश्यकता नहीं: आईजी

जबलपुर: यदि जीवन में कुछ बड़ा करने का प्रबल जुनून हो, तो किसी भी प्रकार के मादक पदार्थ की आवश्यकता नहीं पड़ती। खेल, प्रकृति से जुड़ाव और रचनात्मक कार्यों के लिए आदत बनाएं, नशा की नहीं, क्योंकि नशा नाश का कारण होता है। यह बातें आईजी प्रमोद वर्मा ने नशे से दूरी है जरूरी 2.0 का भव्य शुभारंभ भंवरताल गार्डन के समीप स्थित संस्कृति थिएटर में करते हुए कहीं यह अभियान 15 जुलाई से 30 जुलाई तक आयोजित किया जाएगा।कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
नशा बर्बाद करता है: डीआईजी
डीआईजी अतुल सिंह ने कहा कि युवा सकारात्मक गतिविधियों में भाग लें, खेल, गायन या करियर बनाने का जुनून अपनाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज को बर्बाद करता है। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि यदि आसपास कहीं भी नशे का सिंडिकेट या अवैध गतिविधि दिखे, तो उसकी सूचना तत्काल प्रशासन को दें।
पूरे परिवार-समाज की हानि: कलेक्टर
कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने कहा कि नशा एक ऐसा सामाजिक अभिशाप है जिससे कोई भी समाज स्वस्थ प्रगति करने में असफल रहता है। प्राय: हम देखते हैं कि जिस भी घर में एक व्यक्ति भी अगर नशे का आदी निकल गया तो घर की तरक्की रुक जाती है। नशा मुक्त सिर्फ ड्रग्स ही नहीं, बल्कि तंबाकू और बाकी अन्य नशों से भी खुद की दूरी बनाए रखनी है। उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति के बारे में अपने आसपास के लोगों को अवगत जरूर कराएं कि नशे से किसी का लाभ नहीं होता, बल्कि पूरे परिवार और समाज की हानि होती है।
दिलाई शपथ, निकाली जागरूकता रैली
कार्यक्रम के अंत में आईजी प्रमोद वर्मा ने सभी को नशामुक्त समाज के निर्माण की सामूहिक शपथ दिलाई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्कूल-कॉलेज के प्राचार्य एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। साथ ही नशा मुक्ति अभियान से जुड़े संगठन के पदाधिकारी भी मौजूद थे। कार्यक्रम के पश्चात संस्कृति थिएटर भंवरताल से एक जन-जागरूकता रैली निकाली गई। आईजी प्रमोद वर्मा, डीआईजी अतुल सिंह, कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने हरी झंडी दिखाकर रैली का शुभारंभ किया। यह रैली शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जिसके माध्यम से आमजन को नशे से दूर रहने और इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया।

Next Post

मोबाइल हैंग कर खाते से उड़ाई रकम

Thu Jul 16 , 2026
जबलपुर: भेड़ाघाट थाना अंतर्गत चौधरी मोहल्ला निवासी एक युवक के मोबाइल को हैंग कर साइबर ठग ने 60 हजार रूपए उड़ा लिए। पुलिस के मुताबिक तुलसी कुमार निवासी चौधरी मोहल्ला तेवर का बाल कटिंग की दुकान चलाता है उसका यूनियन बैंक तेवर में खाता है, साइबर ठग ने उसका मोबाइल […]

You May Like