बाइक पहियों में फंसी, डेढ़ किलोमीटर तक घसीटती रही बस, दर्दनाक हादसे में दारोगा की मौत

विदिशा: मुखर्जी नगर रोड पर एक भीषण सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया.बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी बाइक बस के पहियों में फंसकर करीब डेढ़ किलोमीटर तक घसीटती चली गई. यात्रियों के हंगामे के बाद कहीं जाकर बस को रोका जा सका.यह बस भोपाल से अशोकनगर की ओर जा रही थी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार कई फीट दूर जा गिरा और गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

हादसे में बाइक बस के पहियों में फंस गई, जिसे बस चालक करीब डेढ़ किलोमीटर तक घसीटता ले गया. बस में सवार यात्रियों ने चालक को बार-बार बस रोकने को कहा, लेकिन वह नहीं रुका. आखिरकार चिरोल वाली माता मंदिर के पास बस को रोका जा सका, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.

मृतक की पहचान मोहनगिरी निवासी खिलान सिंह वाल्मीकि के रूप में हुई है, जो नगर पालिका में दारोगा के पद पर कार्यरत थे. बताया गया कि उनके एक रिश्तेदार मुखर्जी नगर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती थे, जिन्हें देखने के लिए वे रात में अस्पताल में ही रुके थे. खिलान सिंह की ड्यूटी रामलीला मैदान में लगी थी और वे सुबह करीब 4 बजे बाइक से अस्पताल से ड्यूटी पर जा रहे थे. इसी दौरान यह हादसा हो गया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस चालक ने तेज रफ्तार में बाइक को टक्कर मारी और फिर बस को नदी की ओर भगाने लगा, जिससे बाइक नीचे फंस गई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, बस को जब्त किया और चालक को गिरफ्तार कर लिया. मामले की जांच जारी है.

Next Post

पहाड़गढ राजपरिवार की रानी कल्पना सिंह नहीं रहीं

Thu Jan 22 , 2026
ग्वालियर: पहाड़गढ राजपरिवार की रानी श्रीमती कल्पना सिंह का आकस्मिक निधन हो गया। वे पहाड़गढ़ के राजा शैलेन्द्र सिंह की धर्मपत्नी थीं। उनके निधन की सूचना प्राप्त होने पर जौरा विधायक पंकज उपाध्याय ने उनके निवास किला परिसर पहाड़गढ़ पर जाकर अपनी गहरी संवेदना प्रकट कर शोक व्यक्त किया। पहाड़गढ़ […]

You May Like