
बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन के मुंबई स्थित जुहू बंगले में कथित अनधिकृत निर्माण के खिलाफ BMC ने कार्रवाई की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बंगले में बिना जरूरी मंजूरी के अंदरूनी बदलाव, पार्टिशन वॉल और खिड़कियों से जुड़े काम किए जा रहे थे। 10 सितंबर को मुंबई महानगरपालिका ने नोटिस जारी कर काम रोकने और जरूरी दस्तावेज पेश करने के निर्देश दिए थे। निर्माण कार्य जारी रहने के बाद 12 अक्टूबर को बंगले के कुछ हिस्सों को तोड़ा गया।
बताया जा रहा है कि देवगन परिवार ने इस प्रॉपर्टी को फ्लोरियन ह्यूरेल सैलून प्राइवेट लिमिटेड को पांच साल के लिए लीज पर दिया था। बंगले के व्यावसायिक इस्तेमाल और निर्माण में बदलावों को लेकर हाउसिंग सोसाइटी की आपत्तियां भी सामने आईं। BMC के मुताबिक, निर्माण के लिए जरूरी मंजूरियों के दस्तावेज पेश नहीं किए गए। इसी आधार पर निगम ने कार्रवाई की।
