सिंगरौली: स्टेट बैंक के सामने करीब छह माह से फूटी पड़ी पानी की पाइपलाइन से लगातार हो रही पानी की बर्बादी की खबर नवभारत ने बुधवार को प्रमुखता से प्रकाशित की। खबर प्रकाशित होने के बाद नगर निगम ने मामले को संज्ञान में लेते हुए पाइपलाइन की मरम्मत करा दी है। मरम्मत के बाद सड़क पर बह रहा पानी फिलहाल बंद हो गया है।
बताया गया कि शहर में नल-जल व्यवस्था के तहत वर्षों पहले बिछाई गई जीआई पाइपलाइन कई स्थानों पर पुरानी और जर्जर हो चुकी है। स्टेट बैंक के सामने भी पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण लंबे समय से पानी सड़क पर बह रहा था। इससे जहां पेयजल की बर्बादी हो रही थी, वहीं सड़क पर आवागमन करने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
नवभारत की खबर के बाद हुई कार्रवाई से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। हालांकि, पुरानी पाइपलाइन को लेकर स्थायी समाधान की जरूरत बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जर्जर पाइपलाइन का सर्वे कराकर आवश्यक स्थानों पर उसे बदलने की कार्रवाई की जाए, ताकि बार-बार लीकेज की समस्या न हो और पेयजल की बर्बादी रोकी जा सके।
