
भोपाल। आम नागरिकों को आधार सेवाएं सरल और सुगम तरीके से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भारतीय डाक विभाग, भोपाल संभाग द्वारा 8 एवं 9 मई को जिले भर में विशेष महा-अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान संभाग के 3 प्रधान डाकघरों और 23 प्रमुख उप डाकघरों में विशेष शिविर लगाए जाएंगे।
इन शिविरों में नागरिक नए आधार कार्ड बनवाने के साथ-साथ नाम, पता, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर सहित अन्य आवश्यक जानकारियों में सुधार करवा सकेंगे। भीड़ और अव्यवस्था से बचने के लिए डाक विभाग ने 6 और 7 मई को संबंधित आधार केंद्रों पर टोकन वितरण की व्यवस्था की है, जिससे लोगों को क्रमबद्ध तरीके से सेवाएं मिल सकें।
अभियान के तहत भोपाल जीपीओ, सेंट्रल टीटी नगर और भेल प्रधान डाकघर में सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक सेवाएं उपलब्ध रहेंगी, जबकि अन्य उपडाकघरों में यह सुविधा सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक प्रदान की जाएगी।
