
भोपाल। मध्य प्रदेश में संचालित डायल-112 आपातकालीन सेवा त्वरित प्रतिक्रिया, मानवीय संवेदनशीलता और जन-सुरक्षा का सशक्त उदाहरण बनकर उभरी है। बीते तीन दिनों के दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों में हुई सड़क दुर्घटनाओं में डायल-112 की समय पर कार्रवाई से घायलों को तत्काल राहत और चिकित्सकीय सहायता मिल सकी।
मंदसौर जिले के थाना शामगढ़ क्षेत्र में उज्जैन हाईवे पर ढाबला गुर्जर गांव के पास टायर फटने से एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें 10 यात्री घायल हो गए। सूचना मिलते ही डायल-112 टीम मौके पर पहुंची और एफआरवी व एम्बुलेंस की सहायता से सभी घायलों को शासकीय अस्पताल पहुंचाया।
इसी तरह शिवपुरी जिले के कोलारस क्षेत्र में बस और ट्रक की टक्कर में आठ लोग घायल हो गए। डायल-112 कर्मियों ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर घायलों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया।
छतरपुर जिले में कदवारा–गढ़वाली मार्ग पर दो मोटरसाइकिलों की टक्कर में घायल दो लोगों को समय पर उपचार मिला। वहीं नर्मदापुरम में अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल युवक को भी डायल-112 द्वारा अस्पताल पहुंचाया गया। प्रदेशभर में डायल-112 सेवा आपात स्थितियों में भरोसेमंद सहारा बन चुकी है।
