
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को हमीदिया चिकित्सालय परिसर में स्थापित अत्याधुनिक कैथ लैब यूनिट का उद्घाटन किया। इस नई यूनिट के शुरू होने से हृदय रोगियों को बेहतर और त्वरित उपचार सुविधाएं मिल सकेंगी।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि नई कैथ लैब से हृदय संबंधी आपात स्थितियों में मरीजों का इलाज पहले से अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा।
कार्यक्रम में चिकित्सा शिक्षा विभाग के अधिकारी, डॉक्टरों और स्टाफ ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। डॉ. यादव ने अस्पताल की अन्य सुविधाओं का भी निरीक्षण किया और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस यूनिट में अत्याधुनिक उपकरणों की सहायता से एंजियोग्राफी, एंजियोप्लास्टी और अन्य हृदय संबंधी प्रक्रियाएं की जा सकेंगी। इससे भोपाल सहित आसपास के जिलों के मरीजों को भी राहत मिलेगी।
