
जबलपुर। नगर निगम के राजस्व विभाग की टीम ने सोमवार को भानतलैया संभाग क्रमांक 6 के अंतर्गत गोविन्द वल्लभ पंत वार्ड में बकायादारों के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई की। राजस्व अमले ने जानकारी देते हुए बताया कि वार्ड के कई प्रमुख भवन स्वामियों, जिन पर हजारों रुपये का कर बकाया था, उनके विरुद्ध कुर्की की प्रक्रिया अपनाई गई। साथ ही टीम द्वारा उन भवनों पर कुर्की के पोस्टर चस्पा किए गए जिन्होंने बार-बार नोटिस दिए जाने के बावजूद कर जमा नहीं किया था। लतीफ पर बकाया राशि 34,534, हाजी नबी बक्स पर बकाया राशि 34,268, और बरकत उल्ला मंसूरी पर बकाया राशि 59,930 रूपये होने पर कुर्की की कार्रवाई की गयी है। कार्यवाही के समय संभागीय अधिकारी प्रदीप मेरावी, अरविन्द श्रीवास्तव, राजस्व निरीक्षक शुभम जैन, एस. कौण्डया, राम कालेश तिवारी आदि उपस्थित रहे।
