
रीवा। मऊगंज जिले के नईगढ़ी थाना क्षेत्र के देवलहा जलप्रपात की गहराइयों में रविवार को स्थानीय लोगों द्वारा एक किशोर का शव देखा गया. जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. जलप्रपात की गहरी खाई से एसडीआरफ की टीम ने बड़ी मसक्कत के बाद शव को बाहर निकाला. जिसकी पहचान विवेक कुमार विश्वकर्मा के रूप में हुई जो पिछले कई दिनो से लापता था. शव मिलने के बाद परिजन एवं स्थानीय लोगो का आक्रोश फूट पड़ा और सीधे थाने का घेराव करने पहुंच गये. एएसआई को लाइन अटैच कर दिया गया है.
जानकारी के मुताबिक विवेक कुमार पिता लवकुश विश्वकर्मा 16 वर्ष निवासी डिहिया स्कूल गया था और उसके बाद अचानक लापता हो गया. जिसकी सूचना नईगढ़ी थाने में दी गई थी. पुलिस ने गुमसुदगी दर्ज की थी लेकिन किशोर का कही पता नही चला और उसका शव रविवार को देवलहा जलप्रपात अष्टभुजी मंदिर के पास खाई में मिला. परिजनो और ग्रामीणो ने पुलिस पर लापरवाही बरतने और किशोर का अपहरण कर मौत के घाट उतारने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया और थाने का घेराव कर विरोध प्रदर्शन कर थाना प्रभारी को हटाने की मांग की. फिलहाल पुलिस परिजनो के आरोप के आधार पर जांच में जुटी हुई है और कुछ लोगो को पूंछताछ के लिये थाने लाया गया है.
