इंदौर:सोमवार से शुरु हुए सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत शहर में यातायात नियमों के पालन को लेकर सख्ती बढ़ा दी गई है. बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर अब सीधे चालानी कार्रवाई की जाएगी, वहीं बार-बार नियम तोड़ने पर लाइसेंस निलंबन तक की कार्रवाई की जा सकती है.यातायात पुलिस के अनुसार, सोमवार को जागरूकता रैली निकालकर अभियान की शुरुआत की गई. यह अभियान पूरे सप्ताह जारी रहेगा, जिसमें जागरूकता के साथ साथ सख्त चेकिंग अभियान भी चलाया जा रहा है. अभियान में हेलमेट नहीं पहनने, सीट बेल्ट नहीं लगाने, तेज गति, रेड लाइट जंप और मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने वालों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत जुर्माना किया जाएगा.
पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने हेलमेट जागरूकता बाइक रैली को हरी झंडी दिखाते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा के लिए नियमों का पालन अनिवार्य है. इस दौरान उन्होंने सख्त निर्देश दिए हैं कि बार-बार उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उनके ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने की प्रक्रिया भी अपनाई जाएगी. रैली पलासिया चौराहा से घण्टाघर, रीगल सर्कल होते हुए राजवाड़ा तक निकाली, जिसमें बाइकर्स और पुलिस कर्मियों ने लोगों को हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया.
इस दौरान डीसीपी यातायात राजेश कुमार त्रिपाठी ने आमजन से अपील की है कि अपनी सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करें, अन्यथा सख्त कार्रवाई के लिए तैयार रहें. उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान विशेष चेकिंग पॉइंट बनाए गए हैं. पहली बार उल्लंघन पर चालान किया जाएगा, जबकि लगातार नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए लाइसेंस निलंबन और अन्य वैधानिक कदम उठाए जाएंगे.
