सिंघार ने छात्रावास में कम्प्यूटर लाइब्रेरी का किया उद्घाटन

विशेष संवाददाता भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने गुरुवार को भोपाल स्थित डॉ. अंबेडकर अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति महाविद्यालयीन छात्रावास में कम्प्यूटर लाइब्रेरी का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने छात्रावास की जर्जर स्थिति और बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर सरकार पर निशाना साधा।

विद्यार्थियों ने अपनी पिछली मुलाकात के दौरान कम्प्यूटर लाइब्रेरी की मांग की थी। उनकी मांग पर सिंघार ने अपने प्रयासों और निधि से यह सुविधा उपलब्ध कराई है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को शैक्षणिक अध्ययन, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और डिजिटल शिक्षा में मदद करना है।

सिंघार ने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। शिक्षा ही समान अवसरों पर आधारित सशक्त समाज के निर्माण का माध्यम है।

उद्घाटन के बाद उन्होंने छात्रावास का निरीक्षण किया और भवन की जर्जर हालत, स्नान की अपर्याप्त व्यवस्था तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं की कमी पर चिंता जताई।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के कई प्रमुख नेताओं को छात्र जीवन में आश्रय देने वाला यह ऐतिहासिक छात्रावास आज सरकारी उपेक्षा के कारण खंडहर बनने की कगार पर है। मुख्यमंत्री निवास से चंद मिनटों की दूरी पर स्थित छात्रावास की यह हालत चिंताजनक है।

सिंघार ने आरोप लगाया कि सरकार एक ओर जनजातीय गौरव की बात करती है, वहीं दूसरी ओर दलित और आदिवासी विद्यार्थी बदहाल छात्रावासों में रहने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को घोषणाओं से आगे बढ़कर विद्यार्थियों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करानी चाहिए।

 

 

Next Post

राजस्व कार्यालयों में अनियमितताओं पर एसडीएम और तहसीलदारों को नोटिस

Fri Nov 20 , 2026
भोपाल। भोपाल संभाग के राजस्व कार्यालयों में कामकाज और राजस्व से जुड़े मामलों में मिली खामियों पर सख्त रुख अपनाते हुए संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। गत दिनों उपायुक्त राजस्व द्वारा भोपाल जिले के शहर वृत्त, एमपी नगर, बैरागढ़ वृत्त और विदिशा […]

You May Like