भोपाल। उच्च शिक्षा उत्कृष्टता संस्थान (IEHE) और सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड के बीच पढ़ाई और रिसर्च को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण समझौता (एमओयू) हुआ है। इस समझौते का उद्देश्य दोनों संस्थानों के छात्रों, शोधार्थियों और शिक्षकों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराना है।
एमओयू के तहत दोनों संस्थानों के छात्र और शिक्षक एक-दूसरे के यहां जाकर पढ़ाई, रिसर्च और शैक्षणिक गतिविधियों में भाग ले सकेंगे। साथ ही संयुक्त रिसर्च प्रोजेक्ट, सेमिनार, कॉन्फ्रेंस और अन्य अकादमिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। नई खोज, नवाचार और पेटेंट से जुड़े कार्यों पर भी दोनों संस्थान मिलकर काम करेंगे।
समझौते के दौरान दोनों संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारी, कुलपति और प्रोफेसर मौजूद रहे। कार्यक्रम में दोनों संस्थानों ने अपनी शैक्षणिक उपलब्धियों और रिसर्च कार्यों की जानकारी भी साझा की।
अधिकारियों का कहना है कि इस साझेदारी से छात्रों को नई तकनीक सीखने, बेहतर रिसर्च करने और देश के दूसरे संस्थानों के साथ काम करने का अवसर मिलेगा। साथ ही इस समझौते को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए एक मॉनिटरिंग टीम भी बनाई जाएगी।
