जयपुर, आगामी सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026/27 के लिए राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) ने 15 सदस्यीय मजबूत टीम का ऐलान कर दिया है। भारतीय टीम के अनुभवी स्विंग गेंदबाज दीपक चाहर को टीम की कमान सौंपी गई है, जबकि बेहतरीन फॉर्म में चल रहे युवा बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार उप-कप्तान की भूमिका निभाएंगे। लेग स्पिनर राहुल चाहर की टीम में वापसी हुई है, जिससे गेंदबाजी आक्रमण को मजबूती मिली है। हालांकि, आईपीएल के दौरान लगी हैमस्ट्रिंग चोट की सर्जरी के बाद उबर रहे स्टार तेज गेंदबाज खलील अहमद चयन के लिए उपलब्ध न होने के कारण टीम से बाहर हैं।
आईपीएल सितारों और युवा प्रतिभाओं से सजी है 15 सदस्यीय टीम, मुंबई में एलीट ग्रुप ए के मुकाबले खेलेगा राजस्थान
राजस्थान को टूर्नामेंट के एलीट ग्रुप ए में रखा गया है और टीम अपने सभी मुकाबले मुंबई में खेलेगी। चयनकर्ताओं ने अनुभव और युवा प्रतिभा का संतुलन बनाते हुए टीम में आईपीएल 2026 में जलवा बिखेर चुके खिलाड़ियों को प्राथमिकता दी है। ऑलराउंडर महिपाल लोमरोर, विकेटकीपर-बल्लेबाज कार्तिक शर्मा और मुकुल चौधरी के साथ-साथ अभिजीत तोमर, कुणाल सिंह राठौड़ और अजय राज सिंह जैसे खिलाड़ियों को भी 15 सदस्यीय दल में स्थान मिला है, जिससे बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में गहराई दिखाई दे रही है।
14 नवंबर को उत्तर प्रदेश के खिलाफ मुकाबले से अभियान की होगी शुरुआत, 26 नवंबर को बंगाल से टकराएगी टीम
राजस्थान क्रिकेट टीम अपने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी अभियान का आगाज 14 नवंबर को उत्तर प्रदेश के खिलाफ शुरुआती मुकाबले से करेगी। इसके बाद टीम को 16 नवंबर को झारखंड, 18 नवंबर को चंडीगढ़ और 20 नवंबर को बड़ौदा के खिलाफ डे-नाइट मैच खेलना है। लीग चरण के अंतिम दौर में राजस्थान का सामना 22 नवंबर को मिजोरम, 24 नवंबर को कर्नाटक और 26 नवंबर को बंगाल से होगा। दीपक चाहर की कप्तानी में टीम ग्रुप चरण में बेहतर प्रदर्शन कर नॉकआउट दौर के लिए क्वालीफाई करने का लक्ष्य रखेगी।

