ग्वालियर: शहर में सड़क पर साइड मांगने के लिए हॉर्न बजाना एक युवक को महंगा पड़ गया। दीपावली की रात झांसी रोड थाना क्षेत्र के चेतकपुरी गेट के पास कार सवार युवकों ने पहले एक युवक का रास्ता रोका और फिर उसकी गाड़ी पर डंडों से हमला कर दिया। आरोपियों ने कार के चारों तरफ के शीशे, साइड मिरर और हेडलाइट तोड़ने के साथ बोनट और बंपर को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
पीड़ित संकेत दुबे के मुताबिक, बिना नंबर प्लेट की काली इलेक्ट्रिक कार सड़क पर लहराते हुए चल रही थी। साइड मांगने के लिए हॉर्न बजाने पर कार सवार भड़क गए और वारदात को अंजाम दिया। जाते-जाते आरोपी धमकी देकर एजी ऑफिस की ओर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर झांसी रोड पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
