
देवसर । राष्ट्रीय राजमार्ग के देवसर पूर्वी बाईपास पर शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे तेज रफ्तार बल्कर की टक्कर से बाइक सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। गुस्साए ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रख कर एनएच -39 सीधी-सिंगरौली मार्ग को बाधित कर दिया, जहां पॉच घंटे तक हंगामा चलता रहा।
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत पुरवा निवासी सुब्बालाल साकेत उर्फ नटवरलाल 45 वर्ष पिता राजरूप साकेत की हादसे में मौत हो गई। वहीं बाबा साकेत पिता रामचंद्र साकेत गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवसर भेजा गया है। बताया जा रहा है कि दोनों बाइक से देवसर बाजार से अपने गांव लौट रहे थे, तभी बल्कर वाहन क्रमांक एमपी 19 एचए 5028 ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। इधर उक्त हादसे के बाद घटना स्थल पर ही मृतक के परिजनों ने शव को सड़क पर रख सीधी-सिंगरौली नेशनल हाईवे मार्ग को जाम कर दिया और उनकी मांग थी कि मृतक के आश्रितो को अधिक से अधिक अंतिम संस्कार के लिए दो लाख रूपये राहत राशि एवं मुआवजा तथा मृतक के परिजनों में से किसी एक को सहायिका या फिर किसी भी पद पर रखा जाए। एसडीओपी गायत्री तिवारी, थाना प्रभारी उप निरीक्षक शेषमणि द्विवेदी के साथ-साथ एसडीएम सौरभ मिश्रा ने मृतक के परिजनों से मिलकर ढांढस बंधाते हुये तत्कालीक रूप से 50 हजार रूपये अंतिम संस्कार के लिए मुहैया कराया गया। करीब पॉच घंटे तक हंगामा चलता रहा। अंतत: करीब 5 बजे शाम के वक्त धरना एवं चक्काजाम समाप्त हुआ।
पॉच घंटे तक एनएच-39 का आवागमन रहा प्रभावित
देवसर के सड़क हादसे में युवक की हुई दर्दनाक मौत के बाद गुस्साए मृतक के परिजन सड़क में बिलखते हुये चक्काजाम शुरू कर दिया। पॉच घंटे तक सीधी-सिंगरौली राष्ट्रीय राजमार्ग-39 का आवागमन पूरी तरह से बाधित रहा और इस दौरान यातायात लचर व्यवस्था को लेकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी भी हो रही थी। पॉच घंटे तक चले इस चक्काजाम से दोनों ओर वाहनों की लम्बी कतारे लग गई और इसमें दर्जन भर यात्री बसे भी फसी रही। बसो में सवार यात्री काफी परेशान भी हुये। हालांकि ग्रामीणों ने किसी भी प्रकार की क्षति नही पहुंचाया, लेकिन इस दौरान लोगों में काफी आक्रोश था।
