कृषि उन्नति के क्षेत्र में मंदसौर को देश का ब्रांड बनाया जाएगा : कलेक्टर दिव्यांक सिंह

मंदसौर। कृषि और किसानों की समृद्धि के क्षेत्र में मंदसौर जिले को देशभर में एक ब्रांड के रूप में स्थापित करने के लिए जिला प्रशासन कार्ययोजना तैयार करेगा। यह कार्ययोजना जिले के किसानों के सुझावों और स्थानीय आवश्यकताओं के आधार पर बनाई जाएगी। किसानों की आय बढ़ाने, उपज के बेहतर विपणन, प्रसंस्करण और जैविक उत्पादों के लिए व्यापक बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में भी ठोस पहल की जाएगी।

कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह की पहल पर कृषि विज्ञान केंद्र में जिले के प्रगतिशील किसानों के साथ ‘उपज से उद्यम’ विषय पर महत्वपूर्ण परिचर्चा आयोजित की गई। इसमें सीईओ जिला पंचायत अनुकूल जैन सहित कृषि, उद्यानिकी, सहकारिता, उद्योग विभाग एवं जिला अग्रणी बैंक के अधिकारी उपस्थित थे। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लगभग 50 प्रगतिशील किसानों ने कृषि क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों और अपनी समस्याओं से प्रशासन को अवगत कराया।

कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि किसानों की उपज को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे। जैविक उत्पादों की बिक्री के लिए साप्ताहिक हाट तक सीमित रहने के बजाय बड़े स्तर पर प्रभावी प्लेटफार्म उपलब्ध कराया जाएगा। सहकारी आधार पर किसानों के समूह बनाकर उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत करने की योजना भी बनाई जा रही है।

परिचर्चा के दौरान किसानों ने मंडी में भुगतान में देरी सहित अन्य समस्याएं रखीं, जिस पर कलेक्टर ने निराकरण का आश्वासन दिया। खेतों में तार फेंसिंग के लिए ऋण सुविधा उपलब्ध कराने, फसलों के भंडारण की व्यवस्था विकसित करने तथा विभिन्न क्षेत्रों में कृषि क्लस्टर बनाकर किसानों की आय बढ़ाने पर भी चर्चा हुई।

कलेक्टर ने कहा कि किसानों को फसल प्रसंस्करण से जोड़कर स्थानीय स्तर पर मूल्य संवर्धन के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। मंडियों में सीसीटीवी, टोकन व्यवस्था में सुधार और जैविक फसलों के लिए पृथक व्यवस्था जैसे कार्य भी किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मंदसौर की बेहतर सड़क कनेक्टिविटी का लाभ उठाकर जिले की कृषि उपज को दिल्ली, मुंबई सहित दूरस्थ बाजारों तक पहुंचाया जा सकता है। किसानों से प्राप्त सुझावों का अध्ययन कर शीघ्र ही एक ठोस कार्ययोजना तैयार कर उसे धरातल पर उतारा जाएगा।

Next Post

कार में रखी 25 पेटी अवैध शराब पकड़ाई

Tue Sep 1 , 2026
छिंदवाड़ा। जुन्नारदेव थाना पुलिस ने अवैध शराब के परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक स्कॉर्पियो कार से भारी मात्रा में देशी-विदेशी शराब जब्त की है। पुलिस ने कार से 25 पेटियों में भरी कुल 215.82 बल्क लीटर शराब बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 45 हजार 950 रुपये […]

You May Like

मनोरंजन