
छिंदवाड़ा। जुन्नारदेव थाना पुलिस ने अवैध शराब के परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक स्कॉर्पियो कार से भारी मात्रा में देशी-विदेशी शराब जब्त की है। पुलिस ने कार से 25 पेटियों में भरी कुल 215.82 बल्क लीटर शराब बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 45 हजार 950 रुपये बताई गई है। शराब परिवहन में प्रयुक्त करीब सात लाख रुपये कीमत की स्कॉर्पियो कार क्रमांक एचआर-26-सीआर-4210 और एक मोबाइल फोन भी पुलिस ने जब्त किया है।
मामले में एक महिला सहित दो आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जिला जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार 31 अगस्त की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि पालाचैरई अंबाड़ा की ओर से विजय उर्फ गुड्डा वसूले निवासी माईरी अपनी स्कॉर्पियो कार में बड़ी मात्रा में देशी-विदेशी शराब लेकर घर की ओर आ रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी ने टीम गठित कर कार की घेराबंदी कराई। पुलिस टीम ने विजय के घर के सामने कार को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही चालक कार छोड़कर घर के अंदर घुस गया और पीछे के रास्ते से अंधेरे का फायदा उठाकर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने कार की तलाशी ली तो सीट के पीछे वाली सीट में पूर्णिमा कुशवाहा के नाम की कार्टून की पेटियां रखी मिलीं।
कार के बीच वाली सीट की तलाशी लेने पर देशी-विदेशी शराब की नौ पेटियां मिलीं। कार की डिक्की खोलने पर शराब की 16 और पेटियां बरामद हुईं। इस तरह कुल 25 पेटियों में 215.82 बल्क लीटर शराब मिली। पूछताछ में पूर्णिमा कुशवाहा ने शराब को विजय उर्फ गुड्डा वसूले के साथ मिलकर पातालकोट शराब दुकान से लाकर बिक्री के उद्देश्य से परिवहन करना बताया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया है।
इन आरोपितों को किया गिरफ्तार ०००००००
जुन्नारदेव पुलिस ने 25 पेटी अवैध शराब के साथ पूर्णिमा कुशवाहा 20 वर्ष निवासी माईरी थाना जुन्नारदेव विजय उर्फ गुड्डा वसुले 36 वर्ष निवासी माईरी थाना जुन्नारदेव को गिरफ्तार कर किया है। इस कार्रवाई में जुन्नारदेव थाना प्रभारी निरीक्षक जगोतीन मरकाम ,उनि. मुकेश डोंगरे, उनि. पूनम उईके सहित आरक्षक निलेश पाल, योगेश जांगले, अनिल उईके एवं अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका रही।
