जनहित के काम लटकाने का आरोप: महापौर ने संभागायुक्त से की निगमायुक्त खत्री को हटाने की मांग

सागर। सागर नगर निगम महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी ने संभागायुक्त दिलीप कुमार से भेंट कर नगर निगम सागर के निगमायुक्त राजकुमार खत्री की कार्यप्रणाली को लेकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई। महापौर ने संभागायुक्त को पत्र सौंपते हुए महापौर परिषद (मेयर-इन-काउंसिल) द्वारा लिए गए महत्वपूर्ण एवं जनहितैषी निर्णयों को लंबित रखने, निर्धारित समय-सीमा में उनका अनुपालन नहीं किए जाने तथा निगम हित एवं जनहित के कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं होने का आरोप लगाते हुए निगमायुक्त के विरुद्ध शासन स्तर पर कार्रवाई की मांग की।महापौर द्वारा सौंपे गए पत्र में उल्लेख किया गया है कि निगमायुक्त श्री खत्री नगर पालिक निगम सागर में लगभग ढाई वर्ष से निगमायुक्त के पद पर पदस्थ हैं। पत्र के अनुसार, उनके कार्यकाल के दौरान महापौर परिषद द्वारा जनहित एवं निगम हित में लिए गए महत्वपूर्ण प्रस्तावों को लंबित रखा जा रहा है। बैठकों में लिए गए निर्णयों के संबंध में भी निर्धारित समय-सीमा में अपेक्षित प्रतिवेदन एवं अनुपालन की जानकारी महापौर परिषद को उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। महापौर ने कहा कि इससे शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं, जनहित एवं विकास कार्यों की प्रगति, वित्तीय अनुशासन तथा नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।

महापौर परिषद द्वारा पूर्व की बैठकों में लिए गए लंबित निर्णयों की समीक्षा के लिए बैठक आयोजित की गई थी। महापौर के अनुसार, बैठक में लंबित विषयों पर बिंदुवार विस्तृत चर्चा की गई, लेकिन कई प्रकरणों में निगमायुक्त द्वारा संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया।

पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि महापौर परिषद द्वारा समय-समय पर पारित निर्णयों एवं दिए गए निर्देशों के बावजूद निर्धारित समय-सीमा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई। अनेक महत्वपूर्ण प्रकरणों को अनावश्यक रूप से लंबित रखने तथा समीक्षा के बाद भी निर्णयों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित नहीं किए जाने पर महापौर एवं महापौर परिषद ने गंभीर असंतोष व्यक्त किया है। महापौर परिषद ने निगमायुक्त की कार्यप्रणाली के प्रति असंतोष व्यक्त करते हुए उनके विरुद्ध प्रस्ताव पारित किए जाने का भी पत्र में उल्लेख किया गया है।महापौर श्रीमती तिवारी ने संभागायुक्त से अनुरोध किया है कि नगर पालिक निगम सागर में जनहित एवं निगम हित से जुड़े कार्यों की गति बनाए रखने तथा महापौर परिषद के निर्णयों का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित कराने के लिए निगमायुक्त श्री खत्री की कार्यप्रणाली को दृष्टिगत रखते हुए उनके विरुद्ध शासन स्तर पर आवश्यक कार्रवाई कराई जाए तथा उनका तत्काल प्रभाव से अन्यत्र स्थानांतरण किए जाने की कार्रवाई की जाए।

Next Post

जीडीए दफ्तर में उपाध्यक्ष सुधीर गुप्ता ने की जनसुनवाई

Tue Oct 6 , 2026
ग्वालियर। ग्वालियर विकास प्राधिकरण के कार्यालय में आज आयोजित जनसुनवाई में हितग्राहीयो की समस्याओं का समाधान कराया गया। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष सुधीर गुप्ता ने जनसुनवाई में समस्याओं का निराकरण किया। उन्होंने कहा कि जनसेवा ही हमारा सर्वोपरि संकल्प है। 60 प्रकरणों में 44 का निराकरण किया गया। बाकी प्रकरणों में […]

You May Like