श्रेयस की आंधी में उड़ी वेस्टइंडीज,भारत आठ विकेट से जीता

लखनऊ 06 अक्टूबर (वार्ता) कप्तान श्रेयस अय्यर (102 नाबाद) के आतिशी शतक और ईशान किशन (37 नाबाद) के साथ 137 रन की तूफानी भागीदारी की मदद से भारत ने पांच टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में मंगलवार को वेस्टइंडीज को आसानी से आठ विकेट से हरा दिया।

अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम पर वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुये 19.1 ओवर में 171 रन बनाये जिसके जवाब में भारत ने विजय लक्ष्य को 32 गेंद शेष रहते दो विकेट खोकर हासिल कर लिया। भारत का पलड़ा इस मुकाबले में हर समय और हर क्षेत्र में भारी दिखा। भारत ने धारदार गेंदबाजी और चुस्त क्षेत्ररक्षण की बदौलत मेहमान टीम को निर्धारित 20 ओवर खेलने की इजाजत नही दी और पूरी टीम 171 रन पर समेट दी। लक्ष्य का पीछा करने उतरी अभिषेक शर्मा (21) और संजू सैमसन (11) की जोड़ी ने टीम को तेज शुरुआत तो दी मगर पारी के चौथे ओवर के बीच में ओपनर जोड़ी पवेलियन लौट चुकी थी।

बाद में क्रीज पर आये ईशान और श्रेयस ने मेहमान गेंदबाजी की बखिया उधेड़ते हुये मैदान के चारों ओर चौके छक्कों की आतिशबाजी कर दी। श्रेयस ने 237 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुये अपनी आतिशी पारी के दौरान दस चौके और छह गगनचुंबी छक्के लगाये। कैरिबियन गेंदबाजों के पास आज करिश्माई भारतीय कप्तान का कोई जवाब नहीं था। मैदान पर करीब 45 हजार दर्शकों के साथ दूसरे छोर पर ईशान किशन भी श्रेयस की बल्लेबाजी का आनंद ले रहे थे। ईशान ने अपनी नाबाद पारी में पांच बार गेद को सीमा रेखा के पार पहुंचाया।

इससे पहले शाई होप (52) और शेरफेन रदरफोर्ड (56) की आतिशी अर्धशतकीय पारियों के बदौलत वेस्टइंडीज ने 171 रन बनाये। अपने पदार्पण मैच में हरियाणा के गेंदबाज नमन धीर ने शानदार प्रदर्शन करते हुये 31 रन देकर तीन महत्वपूर्ण विकेट झटके। उन्होने अपने स्पेल के सिलसिलेवार तीन ओवरों में पिच पर खतरनाक नजर आ रहे वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप (52) का विकेट झटक कर मेहमान टीम को बैकफुट पर ढकेल दिया जबकि बाद में उन्होने रोमारियो शेफर्ड (7) और शमर स्प्रिंगर (9) को सस्ते में चलता कर मेहमान टीम की रनो की रफ्तार में लगाम कस दी। धीर की लय को बरकरार रखने में दूसरे छोर पर अनुभवी कुलदीप यादव (33 रन पर दो विकेट) का योगदान अहम रहा जिन्होने रोस्टन चेज (5) और मैथ्यू फोर्ड (2) के विकेट झटके। मैथ्यू छक्का जड़ने के प्रयास में सीमा रेखा के पास ईशान किशन के हाथों लपके गये। 16वें ओवर के अंत तक मेहमान टीम के आठ खिलाड़ी 135 रन पर पवेलियन लौट चुके थे और लगने लगा था कि मेहमान 160 रन के आसपास ही बना पायेंगे, मगर आखिरी के ओवरों में रदरफोर्ड ने पुछल्ले बल्लेबाजों की मदद से रन गति को रफ्तार दी और पूरी टीम के 19.1 ओवर में वापस लौटने से पहले 171 रन स्कोरबोर्ड पर टंग चुके थे।

मयंक यादव अपने शुरुआती स्पेल पर खर्चीले दिखे मगर बाद के दो ओवर में उन्होने खतरनाक रदरफोर्ड का विकेट चटका कर कप्तान और कोच के चेहरे पर मुस्कान ला दी। अर्शदीप ने अपने पदार्पण मैच खेल रहे कामिल पूरन (12) को आउट किया जबकि शिमरन हेटमेयर (5) रन चुराने के चक्कर में विकेट गंवा बैठे जबकि अक्षर पटेल ने अपने इसी ओवर में तीर की तरह गेंद फेंक कर नये बल्लेबाज रोवमैन पोवेल (0) को क्लीन बोल्ड कर दिया।

 

 

 

Next Post

भुवनेश्वर में 24वीं राष्ट्रीय समुद्री खोज एवं बचाव बोर्ड बैठक, 30 देशों के 32 पर्यवेक्षक होंगे शामिल

Tue Oct 6 , 2026
भुवनेश्वर। भारतीय तटरक्षक बल भुवनेश्वर में 24वीं राष्ट्रीय समुद्री खोज एवं बचाव (NMSAR) बोर्ड बैठक आयोजित करेगा। बैठक की अध्यक्षता भारतीय तटरक्षक बल के महानिदेशक परमेश शिवमणि करेंगे। इसमें देश में समुद्री खोज एवं बचाव तैयारियों को मजबूत करने, संकट संकेतों के प्रबंधन को बेहतर बनाने और तकनीक के इस्तेमाल […]

You May Like