नई दिल्ली, भारतीय टीम से बाहर चल रहे अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने अपने भविष्य, टीम इंडिया में वापसी और आगामी विश्व कप में खेलने को लेकर खुलकर बात की है। टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके शमी का कहना है कि वह फिलहाल 2027 वनडे विश्व कप या 2028 टी-20 विश्व कप के बारे में नहीं सोच रहे हैं। शमी के मुताबिक, उनका पूरा ध्यान अभी सिर्फ अपने खेल का आनंद लेने, अपनी लय बनाए रखने और घरेलू क्रिकेट के साथ-साथ IPL में लगातार मैदान पर उतरने पर है।
चयनकर्ताओं के फैसले का करेंगे सम्मान, घरेलू क्रिकेट व IPL में जारी रखेंगे सफर
क्रिकइंफो से बातचीत में शमी ने बेहद भावुक होकर कहा कि उन्होंने अवसरों की गिनती छोड़ दी है। राष्ट्रीय टीम में चयन को लेकर उन्होंने कहा कि अब इन सब चीजों की गिनती नहीं करते हैं और पूरा फोकस खेल पर है। चयनकर्ता जो भी फैसला लेंगे, वह बेहतर ही होगा। मेरी तरफ से कोशिश बस इतनी है कि मैं खेलना जारी रखूं, लय बनाए रखूं और कम से कम अपनी राज्य की टीम व IPL के लिए क्रिकेट खेलता रहूं। शमी इस समय बंगाल की ओर से सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में हिस्सा ले रहे हैं।
फिटनेस के लिए लाल गेंद से भी खेलने को तैयार, युवाओं से अनुभव साझा करने की सीख
लगातार घरेलू क्रिकेट खेलने के पीछे की प्रेरणा पर शमी ने कहा कि जब तक खेल से प्यार है और आनंद ले रहे हैं, खेलते रहना चाहिए। उन्होंने बंगाल के ड्रेसिंग रूम में युवा खिलाड़ियों से अनुभव साझा करने की उम्मीद जताई और कहा कि किसी भी खेल में अनुभव बहुत मायने रखता है। शमी ने स्पष्ट किया कि घरेलू टूर्नामेंट में खेलना और टेस्ट से संन्यास का आपस में कोई संबंध नहीं है और वह सफेद गेंद से क्रिकेट जारी रखेंगे। फिटनेस बनाए रखने के लिए यदि जरूरत हुई, तो वह लाल गेंद से भी क्रिकेट खेल सकते हैं। बता दें कि शमी ने बीती 6 नवंबर को टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया था और आगामी IPL में राजस्थान रॉयल्स की जर्सी में नजर आएंगे।

