रक्षक के वेष में भक्षक : हमला-अपहरण कर मांगी फिरौती

सतना : कथित अवैध कारोबार में अपना हिस्सा लेने के लिए कुछ पुलिसकर्मियों द्वारा वसूली किए जाने की घटनाएं तो पहले भी सामने आ चुकी हैं. लेकिन कोई पुलिसकर्मी अपने गिरोह के साथ मिलकर किसी व्यक्ति पर चाकू से हमला कर उसका अपहरण कर ले और परिजनों से फिरौती मांगे, इस तरह की घटना पहली बार सामने आई है. इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जहां आरोपी पुलिसकर्मी व उसके दो साथियों को पकड़ लिया है, वहीं चौथे की तलाश में छापेमारी की जा रही है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार टिकुरिया माधवगढ़ निवासी ऋषभ सिंह पिता नरेंद्र बहादुर सिंह उम्र 38 वर्ष सतना-रीवा रोड पर स्थित टोयोटा एजेंसी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत हैं. रोज की तरह अपना काम निबटाने के बाद बुधवार-गुरुवार की रात ऋषभ एजेंसी से निकलकर घर की ओर लौट रहे थे. बताया गया कि रात के लगभग 2 बजे जैसे ही वे डी-पॉल स्कूल माधवगढ़ के निकट पहुंचे वैसे ही कुछ लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया. देखते ही देखते उनमें से एक शक्स ने ऋषभ के पैर पर चाकू से हमला कर दिया. जिससके बाद घायल ऋषभ को जबरदस्ती बाइक के जरिए सतरी स्थित एक बगीचे में ले जाया गया. जहां पर उसे चाकू की नोक पर बंधक बनाने के बाद परिजनों को फोन करते हुए 50 हजार की फिरौती मांगी गई. हलांकि फोन सुनकर परिजन पहले तो सहम गए. लेकिन फिर हिम्मत जुटाते हुए पड़ोस के कुछ लोगों को एकत्र किया. जिसके फौरन बाद ही परिजन उक्त स्थान पर पहुंच गए. परिजनों की घेरांबदी देखकर वहां पर मौजूद 3 लोग भाग निकले. जबकि एक व्यक्ति को दबोच लिया गया. घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 का स्टॉफ भी मौके पर पहुंच गया. पकड़े गए आरोपी को हिरासत में लेने के साथ ही घायल ऋषभ को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया. जहां पर उसका उपचार जारी है.
पहचान पत्र ने चौंकाया
मौके से पकड़े गए आरोपी की जब तलाशी ली गई तो उसकी जेब में पुलिस आरक्षक का पहचान पत्र निकला. पुलिसकर्मी की पहचान विवेक सिंह और बैच नंबर 11 के तौर पर हुई. मौके पर उसकी बुलेट मोटरसाइकिल भी खड़ी मिली. जांच करने पर मालुम हुआ कि आरोपी पुलिसकर्मी इन दिनों रैगांव थाने में पदस्थ था. जिससे पहले वह पुलिस कप्तान की स्पेशल 30 टीम का हिस्सा भी हुआ करता था. पिता का निधन होने पर उसे पुलिस विभाग में अनुकंपा नियुक्ति मिली थी. घटनास्थल रामपुर बघेलान होने के कारण आरोपी पुलिस आरक्षक को वहां ले जाया गया.
एएसपी की निगरानी में जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देहात प्रेम लाल कुर्वे जिला चिकित्सालय पहुंच गए. जहां पर उन्होंने घायल ऋषभ का हाल जानने के साथ ही घटनाक्रम से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी ली. इसी कड़ी में उन्होंने परिजनों से भी घटना की जानकारी ली. इस संबंध में एएसपी ने बताया कि रैगांव थाने में पदस्थ आरक्षक द्वारा अपहरण कर फिरौती मांगने के मामले में रामपुर बघेलान थाने में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है. जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल आरक्षक हिरासत में है और उसे निलंबित किया जा चुका है. इसी कड़ी में रामपुर बघेलान थाना प्रभारी संदीप चतुर्वेदी ने बताया कि घटना में शामिल आरक्षक व उसके 2 साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. जबकि चौथे आरोपी की तलाश में पुलिस की छापेमारी जारी है.
किसी से रंजिश नहीं
पीडि़त ऋषभ के पिता और पेशे से अधिवक्ता नरेंद्र सिंह का कहना है कि उनका बेटा आरोपियों को पहले से नहीं जानता था. इसके साथ ही उनके बेटे से किसी पुरानी रंजिश की जानकारी भी उनके संज्ञान में नहीं है. लिहाजा उन्होंने आशंका जताई कि लूट और अवैध तौर पर पैसे वसूलने के मकसद से इस वारदात को अंजाम दिया गया. उनका बेटा बुधवार की रात एजेंसी में बालू का ट्रक अनलोड कराने के बाद वापस घर की ओर लौट रहा था.

Next Post

जयदेव उनादकट ने बल्ले से रचा कीर्तिमान, टी-20 क्रिकेट में नंबर-11 पर सबसे बड़ी पारी खेलकर 6 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा

Fri Nov 27 , 2026
इंदौर, सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के ग्रुप-बी मुकाबले में सौराष्ट्र के कप्तान जयदेव उनादकट ने नंबर-11 पर बल्लेबाजी करते हुए 26 गेंदों पर 3 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 40 रन बनाए और पुरुष टी-20 क्रिकेट इतिहास में इस स्थान पर सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर का विश्व रिकॉर्ड अपने […]

You May Like