
सीहोर। बुधनी रेंज के शाहगंज क्षेत्र में बाघ की लगातार चहलकदमी से ग्रामीण अंचल में दहशत का माहौल है. बनेटा, बांद्राभान और रामनगर के आसपास पिछले तीन-चार दिनों से बाघ की मौजूदगी की सूचनाएं मिल रही हैं. रविवार रात बनेटा और डुंगरिया के बीच निर्माणाधीन नेशनल हाईवे पर सड़क किनारे बाघ टहलता दिखाई दिया. कार से गुजर रहे एक व्यक्ति ने इसका वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. लगातार सामने आ रही साइटिंग के बाद वन विभाग ने प्रभावित गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क रहने की हिदायत दी है.
जानकारी के अनुसार रविवार रात बनेटा और डुंगरिया के बीच निर्माणाधीन नेशनल हाईवे पर अचानक बाघ दिखाई दिया. सड़क से गुजर रहे कार चालक की नजर बाघ पर पड़ी तो उसने मोबाइल से उसका वीडियो बना लिया. वीडियो में बाघ हाईवे की सड़क के बीच चहलकदमी करता नजर आ रहा है. हाईवे जैसे व्यस्त मार्ग के आसपास बाघ की मौजूदगी सामने आने के बाद क्षेत्र में वन्यजीवों की आवाजाही को लेकर चिंता बढ़ गई है. ग्रामीण क्षेत्र में बाघ के हमले में एक गाय के घायल होने की सूचना भी सामने आई है। इसके बाद मवेशी पालकों में चिंता बढ़ गई है. भयभीत ग्रामीणों का कहना है कि यदि बाघ का मूवमेंट आबादी और खेतों के आसपास इसी तरह आगे भी बना रहा तो ग्रामीणों और मवेशियों की सुरक्षा को लेकर खतरा बढ़ सकता है.
बुधनी रेंज के मिडघाट, सलकनपुर और देलावाड़ी क्षेत्र में भी पूर्व में बाघ और तेंदुए की आवाजाही की सूचनाएं सामने आती रही हैं. जंगल से लगे ग्रामीण क्षेत्रों में वन्यजीवों की मौजूदगी के चलते ग्रामीणों को सावधानी बरतनी पड़ती है. अब बीते चार- पांच दिन से शाहगंज क्षेत्र में लगातार सामने आ रही बाघ की साइटिंग के बीच ग्रामीणों ने वन विभाग से गश्त बढ़ाने और वास्तविक लोकेशन पर निगरानी रखने की मांग की है.
डिप्टी रेंजर विजय सिंह भदौरिया ने बताया कि क्षेत्र में मुनादी करा दी गई है. ग्रामीणों को जंगल की ओर जाने से मना किया गया है और सतर्क रहने की हिदायत दी जा रही है. वन विभाग की टीम क्षेत्र में वन्यजीव की गतिविधियों पर नजर रख रही है.
बांद्राभान और रामनगर में भी बाघ का मूवमेंट
ग्रामीणों के मुताबिक बनेटा के अलावा बांद्राभान और रामनगर क्षेत्र में भी पिछले कई दिनों से बाघ की आवाजाही देखी जा रही है. इन क्षेत्रों में खेत, जंगल और आबादी आसपास होने के कारण ग्रामीणों को विशेष सावधानी बरतनी पड़ रही है. किसानों का कहना है कि सुबह और शाम खेतों में काम के दौरान वन्यजीव से सामना होने की आशंका बनी रहती है. इस कारण वह झुंड बनाकर ही खेतों तक जा पा रहे हैं. हालांकि क्षेत्र में एक से अधिक बाघ हैं या नहीं, इसकी वन विभाग ने पुष्टि नहीं की है.
वन विभाग ने गांवों में कराई मुनादी, जंगल जाने पर रोक
रिहायशी क्षेत्रों में बाघ की मौजूदगी की सूचनाओं के बाद वन विभाग सक्रिय हो गया है. विभाग की ओर से प्रभावित गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को जंगल की ओर नहीं जाने की हिदायत दी गई है. साथ ही लोगों से अकेले खेत या जंगल की तरफ जाने से बचने और बाघ दिखाई देने पर उसके करीब नहीं जाने की अपील की गई है.
