चिचोली। सकल यादव समाज के तत्वावधान में भगवान योगेश्वर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर शुक्रवार को नगर में विशाल शोभायात्रा निकाली गई। जोरदार बारिश के बीच निकली शोभायात्रा में आस्था और उत्साह का सैलाब देखने को मिला। चल समारोह में पांच हजार से अधिक यादव समाज के लोग शामिल हुए। बैंड-बाजे, डीजे और भक्ति गीतों की धुन पर यादव समाज के लोग नाचते-गाते हुए चल रहे थे।
शोभायात्रा नगर के गोण्डूमढ़ाई स्थित खाक चौक सिंगाजी मंदिर से प्रारंभ हुई, जो बाजार चौक, सराफा बाजार, वीर दुर्गादास चौक, बस स्टैंड और मुख्य मार्ग से होते हुए जय स्तंभ चौक पहुंची। शोभायात्रा में भगवान राधा-कृष्ण, कृष्ण-सुदामा सहित विभिन्न धार्मिक प्रसंगों पर आधारित आकर्षक झांकियां शामिल थीं।
जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत
शोभायात्रा का नगर में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। बाजार चौक में कलार समाज, सराफा बाजार में सराफा व्यवसायियों, बस स्टैंड पर राहुल उईके की उपस्थिति में कांग्रेस कार्यकर्ताओं तथा मुख्य मार्ग पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, आदिम जाति सहकारी समिति एवं सर्व आदिवासी समाज संगठन द्वारा पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। जय स्तंभ चौक पर मध्यप्रदेश अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य मंगलसिंह धुर्वे एवं नगर परिषद अध्यक्ष वर्षा मालवीय की उपस्थिति में शोभायात्रा का जोरदार स्वागत किया गया।
मथुरा-वृंदावन की झांकियां बनी आकर्षण
शोभायात्रा में मथुरा और वृंदावन से आई भगवान राधा-कृष्ण की झांकी तथा शिव तांडव नृत्य की चलित झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। झांकियों को देखने के लिए नगर में जगह-जगह लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
खेल मैदान में हुआ मुख्य समारोह
शोभायात्रा के समापन के बाद श्री तपश्री खेल मैदान में मुख्य समारोह आयोजित किया गया। यहां भगवान योगेश्वर श्रीकृष्ण की विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती की गई। कार्यक्रम में यादव समाज द्वारा जिला अस्पताल में पदस्थ डॉक्टर निशांत यादव, नीट परीक्षा में सर्वाधिक अंक लाने पर महिमा यादव को सम्मानित किया गया
समाज शिक्षा और कृषि सहित हर क्षेत्र में कर रहा प्रगति : कांति यादव
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यादव समाज के जिला अध्यक्ष कांति यादव ने कहा कि पूरे देश के साथ बैतूल जिले में भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यादव समाज व्यवसाय, उन्नत कृषि और शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर प्रगति कर रहा है।
उन्होंने बताया कि हरदा रोड खाक चौक पर भगवान श्रीकृष्ण के मंदिर निर्माण के लिए यादव समाज द्वारा अब तक 13 लाख रुपये की राशि एकत्रित की जा चुकी है। वहीं समाज के आराध्य संत सिंगाजी महाराज के मंदिर में एक करोड़ एक लाख रुपये की लागत का स्वर्ण कलश चढ़ाने के लिए भी राशि जुटाई जा रही है, जिसमें करीब 90 लाख रुपये एकत्रित हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि स्वर्ण कलश को जिले के विभिन्न धार्मिक स्थलों एवं पवित्र स्थानों का भ्रमण कराने के बाद संत सिंगाजी दरबार में चढ़ाया जाएगा।
कांति यादव ने समाजजनों से आह्वान किया कि खर्चीली शादियों पर रोक लगाते हुए विवाह समारोह में होने वाले अनावश्यक खर्च को कम करें और अधिक से अधिक राशि बच्चों की उच्च शिक्षा पर खर्च करें।
युवाओं की मेहनत से सफल हुआ आयोजन
कार्यक्रम में हृदयराम यादव, सुभाष यादव एवं छोटू यादव बद्री यादव शिव यादव ने भी समाज की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि समाज की प्रगति के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए समाज के युवाओं की मेहनत और सहभागिता की सराहना की।
जन्माष्टमी के अवसर पर निकली विशाल शोभायात्रा के दौरान नगर का माहौल पूरी तरह कृष्णमय नजर आया। बारिश के बावजूद यादव समाजजनों का उत्साह कम नहीं हुआ और युवा बच्चे बुजुर्ग महिलाएं उत्साह के साथ चल समारोह में शामिल रहे।
