सीहोर: जिला मुख्यालय के पास कोनाझिर टोल प्लाजा के समीप शनिवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. इछावर से रिफिल होकर सीहोर की ओर आ रहा गेल इंडिया कंपनी का सीएनजी से भरा टैंकर बाइक सवार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पलट गया. हादसे के बाद टैंकर से गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिससे क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बन गई. वहीं टैंकर की चपेट में आने से बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया. सुरक्षा की दृष्टि से पूरे क्षेत्र को खाली कराकर नो-मैन्स जोन घोषित किया गया. गैस रिसाव से किसी बड़े हादसे की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने सीहोर-इछावर मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बंद कर ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट कर दिया.
मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने लगातार पानी की बौछार कर गैस के प्रभाव को कम करने का प्रयास किया. वहीं तकनीकी विशेषज्ञों और रेस्क्यू दल ने कड़ी मशक्कत के बाद काफी हद तक गैस रिसाव पर नियंत्रण पा लिया. काफी मशक्कत के बाद क्रेन की सहायता से पलटे टैंकर को सीधा करते हुए यातायात को बहाल किया जा सका.
सीएसपी अभिनंदना शर्मा ने बताया कि जैसे ही पुलिस को गैस से भरे टैंकर के पलटने की सूचना मिली, तत्काल पुलिस बल मौके पर पहुंच गया था. एहतियात के तौर पर पूरे क्षेत्र को खाली कराकर सुरक्षा घेरा बनाया गया था. उन्होंने बताया कि भाऊखेड़ी की ओर से मार्ग डायवर्ट किया गया तथा मामले में हर जरूरी सावधानी बरती गई. गेल का अमला भी मौके पर किसी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मुस्तैद रहा. जब तक टैंकर से गैस के रिसाव को बंद करते हुए स्थिति सामान्य नहीं की गई तब तक क्षेत्र में अफरा- तफरी का माहौल बना रहा
