वेस्ट इंडीज ने तीन विकेट पर 247 रन का मजबूत स्कोर बनाने के बाद भारत की चुनौती को 19.3 ओवर में 223 रन पर रोक दिया। अब सीरीज का फैसला बेंगलुरु में आखिरी मैच से होगा। कीमो पॉल ने घातक गेंदबाजी करते हुए पांचवें ओवर में दो विकेट और 19वें ओवर में तीन विकेट लेकर भारत की आज ही सीरीज कब्जाने की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
होप के शतक की बदौलत भारत के सामने 248 रनों का बड़ा लक्ष्य था। सैमसन ने तूफ़ानी अर्धशतक जड़ते हुए भारत को आक्रामक शुरुआत दिलाई थी लेकिन सैमसन (56) के आउट होने के बाद भारतीय पारी को संभलने में समय लगा और आवश्यक रन रेट भी लगातार बढ़ता जा रहा था। इशान किशन (6) और श्रेयस अय्यर (16) जल्दी आउट हो गए, जिसके बाद अभिषेक (29) और तिलक वर्मा (43) में साझेदारी पनपी लेकिन गुडाकेश मोती ने एक ही ओवर में अभिषेक और नमन धीर का विकेट निकालकर भारत पर दबाव बढ़ा दिया। हालांकि इसके बाद रेड्डी और तिलक वर्मा के बीच साझेदारी पनपी लेकिन 17वें ओवर में तिलक का विकेट निकलने के बाद कीमो पॉल ने 19वें ओवर में तीन झटके देकर भारत को मुक़ाबले से पूरी तरह से बाहर कर दिया। मैच का मुख्य अंतर वेस्टइंडीज़ की सूझबूझ भरी गेंदबाज़ी रही। भारतीय तेज़ गेंदबाज़ों ने अधिकांश गेंदें ऑन पेस डालीं और लेंथ भी अधिक फ़ुलर रखीं जबकि वेस्टइंडीज़ के गेंदबाज़ों ने लेंथ और गति दोनों केे साथ मिश्रण किया।
इससे पहले होप ने इस दौरे का अपना चौथा शतक बनाया। टी 20 में होप का यह तीसरा शतक था और ऐसा करते हुए वह वेस्टइंडीज़ की ओर इस प्रारूप में सर्वाधिक अंतरराष्ट्रीय शतक जड़ने वाले बल्लेबाज़ हो गए और उन्होंने एविन लुईस और क्रिस गेल को पीछे छोड़ दिया । होप ने 50 गेंदों में नाबाद 102 रन में चार चौके और नौ छक्के लगाए। उन्होंने पारी की आखिरी दो गेंदों में छक्के मारकर अपना रिकॉर्डतोड़ शतक पूरा किया।
होप शुरू से लेकर अंत तक डटे रहे। होप ने पहले ऐंड्रूयू और फिर हेटमायर के साथ अर्धशतकीय साझेदारी की, इसके बाद पॉवेल के साथ उन्होंने 46 रनों की साझेदारी की और अंत में शरफ़ेन रदरफ़ोर्ड के साथ उन्होंने 91 रनों की साझेदारी की। वेस्टइंडीज़ ने 12वें ओवर में ही 150 के आंकड़े को छू लिया था लेकिन बाद में भारतीय गेंदबाज़ों ने वेस्टइंडीज़ की बल्लेबाज़ी को धीमा किया। हालांकि वे बहुत देर तक वेस्टइंडीज़ के बल्लेबाज़ों को बांधे नहीं रख सके। आखिरी पांच ओवरों में वेस्ट इंडीज ने 70 रन ठोके। रदरफोर्ड ने 26 गेंदों पर नाबाद 49 रन में चार चौके और तीन छक्के लगाए।