नयी दिल्ली, 15 मई (वार्ता) आम आदमी पार्टी(आप) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में तीन रुपए की वृद्धि के लिए मोदी सरकार का ट्रम्प के सामने घुटने टेकने का परिणाम बताया है। श्री भारद्वाज ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत को अमेरिका का उपनिवेश बना दिया है इसलिए ट्रम्प भारत को रूस से सस्ता तेल नहीं लेने दे रहा है। उधर प्रधानमंत्री के दोस्त गौतम अडानी पर अमेरिका में केस चल रहा है। वह अपना केस खत्म कराने की एवज में अमेरिका में 95 हजार करोड़ रुपए का निवेश करने जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभी तो पेट्रोल-डीजल की कीमतें 03 रुपए बढ़ी हैं, जल्द ही कुछ और वृद्धि होगी और अब यह सिलसिला चलता रहेगा। देश के आर्थिक हालात बिल्कुल अच्छे नहीं हैं। ऐस में मोदी सरकार को सच्चाई जनता के सामने रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री गरीब आदमी से कह रहे हैं कि विदेश यात्रा मत करो और सोना मत खरीदो, ताकि भारत का पैसा और फॉरेन एक्सचेंज बाहर न जाए। वहीं, दूसरी तरफ उनके परम मित्र अडानी अपने भ्रष्टाचार के मामले में अपनी जान बचाने के लिए देश का 95 हजार करोड़ रुपए डॉलर में अमेरिका भेज रहे हैं। इस पर सरकार चुप है।
आप नेता ने कहा कि आज भारत लगभग अमेरिका की कॉलोनी यानी उपनिवेश बन गया है। भारत सरकार अमेरिका से पूछ रही है कि क्या वह रूस से सस्ता तेल खरीद ले, लेकिन अमेरिका ने मना कर दिया है। सरकार ने अमेरिका के सामने घुटने टेक दिए हैं और सस्ता तेल न मिलने के कारण देश में तेल के दाम बढ़ा दिए गए हैं। अभी दाम तीन रुपए बढ़े हैं, कुछ दिनों बाद पांच रुपए बढ़ेंगे और यह सिलसिला काफी दिनों तक चलता रहेगा, क्योंकि देश के आर्थिक हालात बहुत खराब हैं। श्री भारद्वाज ने कहा कि सरकार देश के सामने आर्थिक हालात की सच्चाई नहीं बताना चाहती। हाल ही का डेटा बता रहा है कि इंजीनियरिंग करने वाले 85 फीसदी बच्चों की नौकरी नहीं लगी है और एमबीए स्टूडेंट्स का भी लगभग यही हाल है। जिनके पास नौकरियां थीं, उन्हें सॉफ्टवेयर कंपनियां निकाल रही हैं। चीजें महंगी हो रही हैं, ट्रेड डेफिसिट बढ़ रहा है, इंपोर्ट बढ़ रहा है, एक्सपोर्ट घट रहा है और प्रोडक्शन हो नहीं रहा है। देश के आर्थिक हालात बिल्कुल भी अच्छे नहीं हैं और सरकार को यह सच्चाई जनता के सामने रखनी चाहिए।

