गड़ा धन का लालच देकर पिता-पुत्र को लगाया 60 लाख का चूना

जबलपुर: राइट टाउन निवासी एक डॉक्टर और उनके बेटे को शातिर ठगों ने अपनी जालसाजी का शिकार बनाते हुए करीब 60 लाख रुपये ठग लिए। ठगों ने खुद को गरीब बताकर गड़ा हुआ सोना कम कीमत पर बेचने का झांसा देकर पिता को 50 लाख तो पुत्र को 10 लाख का चूना लगा दिया। मामले में क्राइम ब्रांच ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार डॉक्टर ए.के. त्रिवेदी पिता स्व. अरूण कुमार त्रिवेदी निवासी राइट टाउन का क्लीनिक है जहां करीब दो महीने पहले सोनू उर्फ वीरेंद्र प्रजापति नाम का व्यक्ति इलाज कराने क्लिनिक आया था। 15 दिन बाद दोबारा आने पर उसने डॉक्टर का विश्वास जीता और बताया कि उसे कहीं से भारी मात्रा में गड़ा हुआ सोना मिला है। वह गरीब है और इसे बाजार में नहीं बेच सकता, इसलिए वह कम कीमत पर डॉक्टर को यह सोना देने को तैयार है।
असली सिक्का दे जीता भरोसा, कहा हम गरीब है, भला होगा-
सोनू ने डॉक्टर को सैंपल के तौर पर एक सोने का सिक्का दिया। डॉक्टर ने जब अपने सुनार से इसकी जांच कराई, तो सिक्का 75 प्रतीशत शुद्ध सोने का निकला। इसके बाद सोनू ने अपने पूरे परिवार को इस साजिश में शामिल किया। वह अपनी कथित मां रमादेवी, पिता पन्ना लाल, भाई धर्मेंद्र और एक छोटी बच्ची को लेकर डॉक्टर के पास पहुंचा। महिला ने रोते हुए डॉक्टर से कहा कि साहब, हम गरीब लोग हैं, आप यह सोना ले लेंगे तो हमारा भला हो जाएगा।
50 लाख से भरा बैग लेकर फरार हुए ठग
सोनू ने दावा किया कि उसके पास 7-8 किलो सोना है, जिसे वह 15 लाख रुपये प्रति किलो के हिसाब से देगा। सौदा तय होने के बाद 5 मार्च 2026 को सोनू और उसका पिता पन्ना लाल डॉक्टर के क्लिनिक पहुंचे। उन्होंने डॉक्टर को 5 किलो सोना भरा बैग दिया और बदले में 50 लाख रुपये नकद ले लिए। बाकी के 25 लाख रुपये एक महीने बाद देना तय हुआ।
बेटे के साथ भी हुई ठगी खुला राज, जांच में निकला पीतल-
धोखाधड़ी का खुलासा तब हुआ जब 1 अप्रैल 2026 को डॉक्टर को पता चला कि उन्हीं लोगों ने उनके बेटे अनंत कुमार के साथ भी सोना बेचने के नाम पर 10 लाख रुपये की ठगी की है। शक होने पर डॉक्टर ने जब खरीदे हुए सोने की दोबारा जांच कराई, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। सुनार ने बताया कि वह पूरा सोना असल में पीतल के टुकड़े हैं। ठगी का अहसास होने के बाद पीडि़त डॉक्टर ने अब क्राइम ब्रांच में शिकायत दर्ज कराई। जिसके बाद पुलिस ने सोनू उर्फ वीरेंद्र प्रजापति, पन्ना लाल, रमादेवी और धर्मेंद्र के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

Next Post

इलेक्ट्रिक रीपर मशीन से गेहूँ की कटाई का प्रदर्शन

Sun Apr 5 , 2026
जबलपुर : खजरी खरिया में किसानों के समक्ष इलेक्ट्रिक रीपर मशीन से गेहूँ की कटाई का प्रदर्शन किया गया। फसलों की कटाई को आसान और किफायती बनाने के लिये डिजाइन की गई इस मशीन के प्रदर्शन के दौरान कलेक्टर राघवेंद्र सिंह भी मौजूद थे। उन्होंने खुद इस मशीन को चलाकर […]

You May Like