जबलपुर : खजरी खरिया में किसानों के समक्ष इलेक्ट्रिक रीपर मशीन से गेहूँ की कटाई का प्रदर्शन किया गया। फसलों की कटाई को आसान और किफायती बनाने के लिये डिजाइन की गई इस मशीन के प्रदर्शन के दौरान कलेक्टर राघवेंद्र सिंह भी मौजूद थे। उन्होंने खुद इस मशीन को चलाकर देखा और किसानों से चर्चा की। श्री सिंह ने किसानों को कृषि में आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल करने के आग्रह किया, ताकि लागत कम कर उत्पादन को बढ़ाया जा सके।
इलेक्ट्रिक रीपर से गेहूँ की फसल कटाई का प्रदर्शन कृषक सचिन पटेल के खेत मे किया गया। प्रदर्शन के दौरान बताया गया कि पूरी तरह बैटरी और मोटर से संचालित इलेक्ट्रिक रीपर मशीन से एक एकड़ में फसल की कटाई का खर्च मात्र 10 रुपये आता है और एक घण्टे में लगभग एक एकड़ में फसल की कटाई कर सकती है। किसानों के लिये किफायती साबित होने वाली यह मशीन चना से लेकर मक्का जैसी छोटी और बड़ी दोनों तरह की फसलों की कटाई करने में सक्षम है।
इलेक्ट्रिक रीपर मशीन एक इंच से ऊपर से फसल की कटाई कर सकती है और एक बार चार्ज होने पर लगभग 5 से 6 घंटे तक कार्य कर सकती है। इसकी बैटरी लगभग 5 घंटे में पूरी चार्ज हो जाती है। नई तकनीक से फसल कटाई के प्रदर्शन के अवसर पर उप संचालक कृषि डॉ एस के निगम, एसडीएम जबलपुर अभिषेक सिंह, प्रोफेसर मोनी थॉमस भी उपस्थित थे।
