इंदौर: बेटमा थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए हफ्ता वसूली को लेकर बदमाश ने युवक को बस स्टैंड पर बुरी तरह पीटा और जमीन पर घसीटा. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है.पुलिस के मुताबिक, वारदात इंदौर-धार रोड पर मेठवाड़ा फाटा के पास हुई. फरियादी धनसिंह निवासी सिनखेड़ी, जिला खरगोन रोड पर खड़े होकर बस का इंतजार कर रहा था.
इसी दौरान आरोपी जितेंद्र निवासी ग्राम मेठवाड़ा वहां पहुंचा और शराब पीने के लिए पैसों की मांग की. फरियादी ने पुलिस को बताया कि पैसे देने से मना करने पर आरोपी ने उसे धमकाया और कहा, “इस क्षेत्र में काम करना है तो मुझे शराब पीने के लिए पैसे देने पड़ेंगे” विरोध करने पर आरोपी ने पहले अपमानित किया और फिर जमीन पर घसीटकर मारपीट की. आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया. बेटमा पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर आरोपी जितेंद्र के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है.
