पीयूष गोयल ने रॉटरडैम बंदरगाह का दौरा किया; इसे भारतीय निर्यात के लिए यूरोप का प्रवेश द्वार बताया

रॉटरडैम में जहाजरानी और बंदरगाह सुविधा क्षेत्र के हितधारकों के साथ बातचीत की, एम्स्टर्डम में भारतीय समुदाय से बातचीत की और मीडिया से भी संवाद किया।

यहां वाणिज्य एवं उद्याेग मंत्रालय ने रविवार को एक विज्ञप्ति में बताया कि श्री गोयल ने रॉटरडैम बंदरगाह का दौरा किया जहां बंदरगाह कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बौडविन सीमन्स भी उनके स्वागत के लिए उपस्थित थे। यूरोप के इस सबसे बड़े बंदरगाह के रणनीतिक महत्व को रेखांकित करते हुए इसे यूरोपीय बाजार में भारतीय सामानों के प्रवेश द्वार और अंतरराष्ट्रीय व्यापार तथा वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला के एक प्रमुख केंद्र के रूप में देखा गया।

बातचीत में भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते के बाद व्यापार में विस्तार की संभावनाओं के मद्देनजर रॉटरडैम बंदरगाह की भूमिका के बढते महत्व पर प्रकाश डाला गया। विज्ञप्ति के अनुसार, ” चूंकि इस समझौते से भारतीय निर्यातकों के लिए नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है, ऐसे में नीदरलैंड के विश्व-स्तरीय बंदरगाह, लॉजिस्टिक्स बुनियादी ढांचे और यूरोपीय बाजारों के साथ बेहतर सम्पर्क एवं परिवहन सुविधा, व्यापार को बढ़ाने और भारत-यूरोप आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।”

वाणिज्य मंत्री ने एम्स्टर्डम के ‘वाल्डोर्फ एस्टोरिया’ होटल में भारतीय दूतावास द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया जिसमें लगभग 70 लोग शामिल हुए। मंत्रालय का कहना है कि इस मुलाकात ने भारत और नीदरलैंड के बीच संबंधों को और करीब लाने में भारतीय समुदाय के महत्व को फिर से स्थापित करने के साथ दोनों देशों के बीच आर्थिक, सांस्कृतिक और लोगों के आपसी संबंधों को मजबूत करने में भारतीय समुदाय के योगदान को भी रेखांकित किया।

 

Next Post

साइबर ठगों ने खातों से उड़ाए लाखों, 6 एफआईआर दर्ज

Sun Oct 25 , 2026
जबलपुर। साइबर ठगों ने चार खातों से लाखों की रकम पार कर दी। माढ़ोताल एवं अधारताल थाने में तीन-तीन एफआईआर दर्ज की गई है। अधारताल पुलिस से मिली जानकारी अनुसार दुर्गा प्रसाद मिश्रा निवासी बिजासन माता मंदिर के सामने अधारताल ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर विद्यालय […]

You May Like