नयी दिल्ली, 25 अक्टूबर (वार्ता) सीनियर महिला टी 20 ट्रॉफी 2026 का आगाज सोमवार से होगा और यह टूर्नामेंट 20 नवंबर तक चलेगा।भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा आयोजित यह टूर्नामेंट महिलाओं के लिए देश का प्रमुख घरेलू टी 20 क्रिकेट टूर्नामेंट है। सीनियर महिला टी 20 ट्रॉफी में कुल 37 टीमें हिस्सा लेंगी, जिनमें से 31 टीमें एलीट डिवीजन में और 6 टीमें प्लेट प्रतियोगिता में खेलेंगी। कुल 134 क्रिकेट मैच खेले जाएंगे।
इसकी शुरुआत 2008-09 में सीनियर महिला टी 20 लीग के रूप में हुई थी। यह प्रतियोगिता अपने आगामी सीजन के साथ 18वें संस्करण में प्रवेश करेगी। महाराष्ट्र मौजूदा एलीट चैंपियन है, जिन्होंने पिछले साल अपना पहला खिताब जीता था। उन्होंने सूरत में बारिश से प्रभावित फाइनल मुकाबले में मध्य प्रदेश को हराया था। मौजूदा चैंपियन को एलीट ग्रुप ए में रखा गया है, जिसमें उनके साथ असम, कर्नाटक, चंडीगढ़, छत्तीसगढ़, बंगाल, गोवा और जम्मू-कश्मीर भी हैं।
सीनियर महिला टी 20 ट्रॉफी 2026 की टीमें
ग्रुप ए: महाराष्ट्र, असम, कर्नाटक, चंडीगढ़, छत्तीसगढ़, बंगाल, गोवा, जम्मू और कश्मीर
ग्रुप बी: हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, बड़ौदा, सौराष्ट्र, राजस्थान, हरियाणा, आंध्र, ओडिशा
ग्रुप सी: रेलवे, त्रिपुरा, विदर्भ, गुजरात, तमिलनाडु, पंजाब, सिक्किम, केरल
ग्रुप डी: दिल्ली, उत्तराखंड, झारखंड, मुंबई, हैदराबाद, उत्तर प्रदेश, पांडिचेरी
प्लेट ग्रुप: बिहार, नागालैंड, मिजोरम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर
सीनियर वूमेंस टी 20 ट्रॉफी 2026 का फॉर्मेट
एलीट प्रतियोगिता में आठ-आठ टीमों के तीन और सात टीमों का एक ग्रुप शामिल है। हर एलीट ग्रुप की शीर्ष दो टीमें सुपर लीग के लिए क्वालीफाई करेंगी, जहां इन आठ टीमों को दो ग्रुप में बांटा जाएगा। सुपर लीग में हर टीम तीन मैच खेलेगी। दोनों ग्रुप की शीर्ष टीमें 20 नवंबर को एलीट फाइनल में आमने-सामने होंगी।
छह प्लेट टीमें राउंड-रॉबिन लीग में हिस्सा लेंगी, जिनमें से शीर्ष दो टीमें 4 नवंबर को होने वाले प्लेट फाइनल में पहुंचेंगी।
एलीट लीग स्टेज सूरत, न्यू चंडीगढ़, मोहाली, लखनऊ और पुणे में आयोजित किया जाएगा, जबकि प्लेट प्रतियोगिता नागालैंड के सोविमा में खेली जाएगी। सुपर लीग के मुकाबले और एलीट फाइनल अहमदाबाद में खेले जाएंगे।
प्लेट ग्रुप की विजेता टीम को अगले सीजन के लिए एलीट डिवीजन में प्रमोट किया जाएगा, जबकि चारों एलीट ग्रुप में आखिरी स्थान पर रहने वाली टीम को प्लेट प्रतियोगिता में भेज दिया जाएगा।
रेलवे इस प्रतियोगिता के इतिहास की सबसे सफल टीम है, जिसने 11 खिताब जीते हैं। अन्य चैंपियन टीमों में दिल्ली, पंजाब, मुंबई और महाराष्ट्र शामिल हैं।
मुंबई ने 2023 में अपना पहला खिताब जीता और साल 2024 में उसे सफलतापूर्वक बरकरार रखा। इसके बाद पिछले सीजन में महाराष्ट्र पहली बार चैंपियन बना।
