मुंबई, 25 अक्टूबर (वार्ता) कोरियोग्राफर और फिल्मकार गणेश आचार्य की फिल्म ‘गणेश: डस्ट टू स्टारडस्ट’ का पहला गाना ‘कर मेहनत’ 26 अक्टूबर को रिलीज होगा। निर्माताओं के अनुसार, यह प्रेरणादायक गाना मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के महत्व को रेखांकित करेगा। गाने को सोनू निगम ने अपनी आवाज दी है, जबकि इसके बोल गणेश आचार्य ने लिखे हैं। ‘कर मेहनत’ के जरिए लोगों को अपने सपनों को पूरा करने, चुनौतियों का सामना करने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने की कोशिश की गई है। फिल्म के ट्रेलर को मिल रहे सकारात्मक प्रतिक्रियाओं के बीच निर्माताओं को उम्मीद है कि गाने की रिलीज से फिल्म को लेकर दर्शकों का उत्साह और बढ़ेगा। गाने में महत्वाकांक्षा, संघर्ष और निरंतर प्रयास के जरिए सफलता हासिल करने का संदेश दिया गया है।
वी2एस प्रोडक्शन एंड एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी इस फिल्म की निर्माता सौंदर्या आचार्य हैं। गणेश आचार्य ने फिल्म का लेखन और निर्देशन किया है। फिल्म की पटकथा और संवाद दिगंगना सूर्यवंशी तथा गणेश आचार्य ने लिखे हैं। जुनैद कुमार ने इसका संगीत और बैकग्राउंड स्कोर तैयार किया है। फिल्म के गीत समीर अंजान और गणेश आचार्य ने लिखे हैं तथा संगीत जी म्यूजिक पर जारी किया जाएगा। फिल्म की सिनेमैटोग्राफी अजय पांडे ने की है, जबकि संपादन राकेश राम ने किया है। फिल्म की कोरियोग्राफी गणेश आचार्य और उनकी टीम ने की है। ‘गणेश: डस्ट टू स्टारडस्ट’ 11 दिसंबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

