कुलभूषण डोगरा की स्मृति दौड़ में 500 धावकों ने हिस्सा लिया

नयी दिल्ली, 25 अक्टूबर (वार्ता) रविवार की सुबह दिल्ली में सेना के 1 सिग्नल रेजिमेंट में कार्निवाल का माहौल बन गया था। मौका था प्रसिद्ध एथलीट और भारतीय क्रिकेट टीम के फिटनेस एक्सपर्ट रहे कप्तान कुलभूषण डोगरा की स्मृति दौड़ का। रेजिमेंट के हरे भरे खूबसूरत मैदान में भागने वालों का जोश-खरोश रैंक और पद से बढ़कर था। करीब 500 धावकों ने इस दौड़ में हिस्सा लिया जिसमे जीतने वालों के लिए मैडल और सर्टीफिकेट थे। लेकिन देखने वाली बात थी रेस में शिरकत में करने वालों के हौंसले और जज़्बे की। अफसरों के साथ जवानों और उनके परिवार वालों अथवा बच्चों ने 3 किलोमीटर और 5 किलोमीटर रेस दौड़ कर इस इवेंट को यादगार बना दिया।

दौड़ की प्लानिंग कप्तान डोगरा के पुत्र सिग्नल रेजिमेंट के लेफ्टिनेंट जनरल विवेक डोगरा की पत्नी अनुपमा ने की थी क्योंकि सिग्नल रेजिमेंट में कप्तान डोगरा ने काफी समय बिताया था। वो खुद एक अच्छे एथलीट थे और क्रिकेट से भी उनका बहुत लगाव था। सभी उन्हे लोग प्यार से `डोगरा साहब’ बुलाते थे और वो उस भारतीय क्रिकेट टीम के फिटनेस एक्सपर्ट थे जिसमे सुनील गावस्कर, मोहिंदर अमरनाथ और मदन लाल जैसे दिग्गज खिलाड़ी थे। रेस के बाद जनरल डोगरा ने कहा, ”आज में बहुत भावुक महसूस कर रहा हूँ। मेरे पापा (कप्तान डोगरा) रनिंग के दीवाने थे और लोगों को भागने और स्वस्थ रहने की हिदायत देते थे। लेकिन इसी मैदान से दो साल पहले उनके जीवन का अंत हुआ था।” जनरल डोगरा ने अपने अफसरों, उनके परिवारों और बच्चों को बड़ी संख्या में आज की दौड़ में शिरकत करने के लिए शुक्रिया अदा किया और साथ ही अपने पिता के पुराने सहयोगियों और एथलीटों को इस समारोह में आने के लिए धन्यवाद दिया। ”इस तरह के कार्यक्रमों से रैंक और पद से ऊपर उठकर भाईचारे की भावना उत्पन्न होती है और यही ऐसी इवेंट की सबसे बड़ा लाभ होता है।”

जनरल डोगरा ने आज के सफल कार्यक्रम के लिए सिग्नल के अफसरों रूचि पाठक और ज्योति मिश्रा का भी शुक्रिया अदा किया क्योंकि आज के कार्यक्रम का मुख्य रूप से सञ्चालन इन्ही दोनों अफसरों की देख रेख में हुआ था।
कुछ जाने माने पूर्व खिलाड़ियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम में चार चाँद लगा दिए, इसमें मुख्य रूप से कप्तान सुरेश यादव (सेवानिर्वित) और पूर्व टेस्ट क्रिकेट खिलाडी गुरशरण सिंह थे। अर्जुन अवार्डी सुरेश यादव कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थे।
परिणाम :
पुरुष: 5 किलोमीटर: 1 मोहित यादव, 2 अंकित मौर्या, 3 ऋतू कुमार
महिला: 3 किलोमीटर: 1 पूनम कुमार, 2 सिंधु भालेकर, 3 शिवाली रैना
बॉयज़: 3 किलोमीटर: 1 इशांत, 2 निशांत, 3 सक्शन कुमार
गर्ल्ज़: 3 किलोमीटर : 1 अनन्य कुमार, 2 शौर्य कुमार, 3 अदिति सिंह

.....

Next Post

करण सिंह ने आईटीएफ एम25 मुंबई का खिताब जीता

Sun Oct 25 , 2026
मुंबई, 25 अक्टूबर (वार्ता) राउंडग्लास टेनिस अकादमी के खिलाड़ी करण सिंह ने आईटीएफ सर्किट पर अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा। रविवार को मुंबई के कूपरेज स्थित महाराष्ट्र स्टेट लॉन टेनिस एसोसिएशन में आयोजित 30,000 अमेरिकी डॉलर इनामी राशि वाले ‘आईटीएफ मेन्स वर्ल्ड टेनिस टूर एम25’ टूर्नामेंट में उन्होंने पुरुष एकल […]

You May Like